जशपुरनगर।पत्थलगांव के किलकिलेश्वर धाम में शनिवार को आर्य समाज की ओर से ऑपरेशन घर वापसी कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में ऑपरेशन घर वापसी के प्रमुख प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने आसपास के गांव के करीब 250 परिवार के करीब 600 लोगों के पांव धोकर मूल धर्म में उनकी वापसी कराई। मूल धर्म में लौटे लाेगों ने बताया कि उनके पूर्वज किसी कारण से पूर्व में हिन्दू धर्म छोड़कर क्रिश्चन धर्म अपना चुके थे। पर जब उन्हें फिर से मूल धर्म में लौटने का मौका मिला तो वे इस कार्यक्रम में पहुंचे और हिन्दू धर्म में अपनी वापसी की।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से आर्य समाज के अंशुदेव जी महाराज, सांसद गोमती साय सहित भाजपा से जुड़े पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता पहुंचे थे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रबल प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि ऑपरेशन घर वापसी एक अभियान है हिन्दुत्व की सेवा का। हिन्दुत्व सिर्फ एक धर्म नहीं बल्कि एक आदर्श जीवनशैली है। यह एक ऐसी जीवन शैली है जिसमें जन्म से लेकर मृत्यु तक के लिए संस्कार व रिवाज बने हैं। हिन्दू धर्म से जुड़े हर कार्य वैज्ञानिक आधार पर भी मानव जीवन के लिए श्रेष्ठ माने गए हैं। हमारे पूर्वजों ने हिन्दुत्व के जरिए जो आदर्श जीवन शैली हमें दी है उससे जीवन सुगम व शांतिपूर्ण बनता है। वर्तमान में जब से प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ है विदेशी षड़यंत्रकारी शक्तियां लगातार हिन्दुत्व पर कुठाराघात कर रही है। हमारे भोले-भाले गरीब ग्रामीणों के जीवन में अंधविश्वास फैलाकर उनका धर्म परिवर्तन कराया जा रहा है। पूर्व में भी शिक्षा व सेवा के नाम पर धर्म का सौदा कर धर्म परिवर्तन कर दिया गया था। हिन्दुत्व से बिछड़े लोगों को मूल धर्म में वापस लाना मेरे जीवन का संकल्प है। इस अभियान की शुरूआत मेरे पिताजी स्व कुमार दिलीप सिंह जूदेव ने की थी और मैं अंतिम सांस तक उनके इस पुनीत कार्य को आगे बढ़ाते रहूंगा। परिस्थियां चाहे जितनी भी विपरीत हो, हम ऑपरेशन घर वापसी का कार्य निरंतर जारी रखेंगे।
युगों-युगों से है और युगों तक रहेगा सनातन धर्म
कार्यक्रम को संबोधित कतरे हुए आर्य समाज के संत अंशुल देव जी महाराज ने सनातन का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि सनातन वह है जिसकी उत्पत्ति का ज्ञान नहीं जो युगों-युगों से और युगों-युगों तक रहेगा। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म ही इस पृथ्वी पर पहला धर्म है जिसे आज हम हिन्दू धर्म के नाम से पुकारते हैं। अंशुल देव जी ने जिले में हो रहे ऑपरेशन घर वापसी कार्यक्रम की सराहना की और कहा कि प्रबल प्रताप सिंह जूदेव अपने पिता की तरह ही हिन्दुत्व की सेवा में लगे हैं। धर्म से भटके लोगों को मूल धर्म में वापस लौटाना बड़ा पुनीत कार्य है।