नारायणपुर, 16 जुलाई । थाना नारायणपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत कलिया में बुधवार शाम करीब 5 बजे शराब के नशे में पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। नशे में धुत बेटे ने अपने ही पिता की जलाऊ लकड़ी से सिर पर वार कर हत्या कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बंधु राम उम्र 52 वर्ष घर में अपनी पत्नी से विवाद कर रहे थे। इसी दौरान उनका बड़ा बेटा पूना राम शराब पीकर घर पहुंचा। माता-पिता को आपस में झगड़ता देख वह आवेश में आ गया और घर में रखी जलाऊ लकड़ी उठाकर पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
सिर में गंभीर चोट लगने से बंधु राम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपी पूना राम को हिरासत में ले लिया है।

