Site icon Groundzeronews

*अजीम प्रेमजी फाउंडेशन स्कॉलरशिप: छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए मिलेगी प्रोत्साहन राशि, कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*

IMG 20260823 185110

​जशपुरनगर। शासकीय राम भजन राय एन.ई.एस. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जशपुर में छात्राओं को अजीम प्रेमजी फाउंडेशन स्कॉलरशिप योजना की विस्तृत जानकारी देने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य ध्येय छात्राओं को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाना और उन्हें वित्तीय सहायता के अवसरों से अवगत कराना था।
​कार्यक्रम में अजीम प्रेमजी फाउंडेशन के प्रतिनिधि प्रकाश ने पावरपॉइंट प्रेजेंटेशन (PPT) के माध्यम से स्कॉलरशिप की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, चयन प्रक्रिया तथा इसके लाभों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं, महाविद्यालय की छात्रवृत्ति समिति के संयोजक ने विद्यार्थियों को फॉर्म भरते समय सावधानी बरतने और आवश्यक दस्तावेजों को सही प्रक्रिया के तहत जमा करने के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।
​सत्र के दौरान छात्राओं ने स्कॉलरशिप से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने बेहद सरल और स्पष्ट रूप से समाधान किया। साथ ही, सभी को समय-सीमा के भीतर आवेदन करने के लिए प्रेरित किया गया।
​महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अमरेंद्र ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “अजीम प्रेमजी फाउंडेशन की यह योजना छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए एक दूरदर्शी कदम है। यह उनके शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास के साथ-साथ उज्जवल भविष्य के निर्माण में क्रांतिकारी सिद्ध होगी।”
​कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी के लिए यह सत्र अत्यंत उपयोगी और ज्ञानवर्धक साबित हुआ।

Exit mobile version