Site icon Groundzeronews

*Big Breaking jashpur:- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जिले की तीन स्वर्ण खदानों का निविदा किया निरस्त, भाजपा के जिलाध्यक्ष व कार्यकर्ताओं से चर्चा के बाद सीएम ने की पहल…..*

IMG 20240625 WA0013

 

जशपुरनगर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार ब्लाक के दोनों स्वर्ण खदानों के उत्खनन की प्रक्रिया को निरस्त कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनिल गुप्ता ने बताया कि बीते कुछ दिनों से फरसाबहार ब्लाक में स्वर्ण उत्खनन की झूठी अफवाह फैला कर,स्थानीय रहवासियों को गुमराह किया जा रहा था। इससे पूरे क्षेत्र की कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। अप्रिय घटना होने की आशंका होने लगी थी। इसे देखते हुए सोमवार को सीएम कैम्प कार्यालय बगिया में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष सुनिल गुप्ता की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों की आपात बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में मंडल अध्यख देवशरण साय,वेदप्रकाश भगत,कपलेश्वर सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल थे। बैठक में स्वर्ण उत्खनन को लेकर उत्पन्न परिस्थितियों पर गंभीरता से विचार किया गया। विचारोपरांत रिपोर्ट तैयार कर मुख्यमंत्री को प्रेषित कर,स्वर्ण उत्खनन की प्रक्रिया को तत्काल निरस्त करने का अनुरोध किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने भौमिक और खनिकर्म विभाग को जिले के दोनों स्वर्ण ब्लाक मेंडरबहार-भगोरा और बनगांव में उत्खनन की प्रक्रिया को तत्काल निरस्त करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर भौमिकी तथा खनिकर्म विभाग के संयुक्त संचालक अनुराग दीवान ने 30 जुलाई को जारी किए गए निविदा को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। सुनिल गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भारतीय जनता पार्टी की सरकार आम जनता और गरीबों की सरकार है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश और प्रदेशवासियों का विकास करना है। इसलिए संवेदनशील मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने स्वर्ण उत्खनन की प्रक्रिया को रद्द कर दिया है। सुनिल गुप्ता ने कहा कि उन्होनें पहले ही यह स्पष्ट कर दिया था कि जिले में किसी भी स्थिति में स्वर्ण उत्खनन नहीं होगा। भारतीय जनता पार्टी हमेशा से कहती रही है कि जिले में वन और पर्यावरण को प्रभावित करने वाला कोई भी उद्योग स्थापित करने की अनुमति किसी भी कीमत में नहीं दी जाएगी। जिले को छत्तीसगढ़ का आक्सीजोन बनाने का दिलीप सिंह जूदेव का सपना अवश्य पूरा होगा। जनभावनाओं के अनुरूप त्वरित निर्णय लेकर कार्रवाई करने के लिए जिलाध्यक्ष सुनिल गुप्ता ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार जताया है।

Exit mobile version