कांसाबेल,जशपुरनगर। *(टंकेश्वर यादव)* छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष विष्णुदेव साय आज अपना 58 वें जन्मदिन अपने कार्यकर्ताओं के साथ अपने निवास बगिया में मनाएंगे।सुबह 11 बजे से श्री सत्यनारायण कथा का श्रवण करेंगे,उसके पश्चात दोपहर में कार्यकर्ताओं के साथ केक काटकर अपना जन्मदिन मनाएंगे।हालांकि आज सुबह से उनके निवास बगिया में श्री साय को बधाई देने के लिए कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ रही है।
जशपुर जिले के एक आदिवासी किसान परिवार में 21 फरवरी 1964 को एक ऐसे सपूत का जन्म हुआ जिसने सरपंच से लेकर विधानसभा,लोकसभा से होकर केंद्रीय मंत्री और छत्तीसगढ़ भाजपा के तीसरी बार फिर प्रदेशाध्यक्ष का कमान मिली है।भाजपा द्वारा तीसरी बार उन्हें प्रदेश अध्यक्ष का पद दिया जाना उनकी राजनैतिक योग्यता,प्रतिब्धता,सामाजिक स्वीकार्यता एवं कुशल नेतृत्व कर्ता को प्रदर्शित करता है।जशपुर जिले के कांसाबेल तहसील अंतर्गत बगिया गांव में सरदार बुधनाथ साय के पुत्र श्री रामप्रसाद साय को प्रथम पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई,दादा सरदार बुधनाथ साय ने अपने पोते का नाम रखा विष्णुदेव साय।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय देश में ऐसे गिने चुने राजनेताओं में से एक हैं जिन्हे गांव की पंचायत से लेकर विधानसभा एवं लोकसभा में निर्वाचित जनप्रतिनिधि के रूप में आम जनता का प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य प्राप्त है। विष्णुदेव साय को महज 26 वर्ष की आयु में पहली बार स्व कुमार दिलीप सिंह जूदेव एवं उनके राजनीतिक गुरु कहे जाने वाले स्व देवकी महाराज ने उन्हें 1990 में राजनीतिक करियर के मैदान में उतारते हुए तपकरा विधानसभा से विधायक चुनाव लड़ाया जिसमें उन्हें भारी बहुमत से जीत मिली ,इसे उनका सौभाग्य ही कह सकते हैं की मात्र तीन साल के कार्यकाल में उन्हें दूसरी बार विधायक बनने का पुनः अवसर प्राप्त हो गया,और वर्ष 1993 में मध्यप्रदेश विधानसभा के चुनाव हुए जिसमे लगातार दूसरी बार तपकरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक निर्वाचित हुए।इसके बाद 1999 के लोकसभा चुनाव में सांसद बनने का अवसर मिला,वर्ष 1999 में रायगढ़ संसदीय क्षेत्र सांसद निर्वाचित हुए विष्णुदेव साय ने लगातार चार बार इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया,उन्होंने इस राजनीतिक सफर में प्रदेश अध्यक्ष के दायित्व का भी बखूबी निर्वहन किया। वहीं चौथीं बार 2014 के लोकसभा चुनाव जीतकर नरेंद्र मोदी के मंत्री मंडल में कैबिनेट राज्यमंत्री के रूप में शामिल हुए।उसके बाद फिर से उन्हें वर्तमान में छत्तीसगढ़ प्रदेश की भाजपा अध्यक्ष के दायित्व का निर्वहन का अवसर मिला है।