Site icon Groundzeronews

*Breaking jashpur:- मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपा रखा था 2.20 करोड़ का गांजा, लावाकेरा में दो तस्कर गिरफ्तार*

IMG 20261002 WA0012

जशपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर 440.63 किलो अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम लावाकेरा बैरियर पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को संदेह के आधार पर रोककर तलाशी ली गई।

ट्रक में ऊपर मिर्ची से भरी बोरियां रखी थीं। पुलिस को संदेह होने पर इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की गई। इनमें टेप से लिपटे पैकेट मिले। जांच करने पर पैकेटों में गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कुल 14 बोरियों में रखे 440 पैकेटों से 440.63 किलोग्राम गांजा जब्त किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. वसीम (28) और मो. आसिफ (34), दोनों निवासी ग्राम मुंडेरा, थाना ढूंमनगंज, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज ले जाने की बात बताई है।

बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपये बताई गई है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त मिनी ट्रक की कीमत करीब 20 लाख रुपये है। पुलिस के अनुसार मामले में कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपये की जप्ती की गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। गांजा कहां से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था, इसकी एंड-टू-एंड जांच की जा रही है। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।

जनवरी से अब तक 1906 किलो गांजा बरामद

पुलिस के मुताबिक जनवरी 2026 से अब तक जशपुर जिले में गांजा तस्करी के 16 मामलों में करीब 8 करोड़ रुपये कीमत का 1906 किलो गांजा बरामद किया जा चुका है। इन मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। तस्करी में प्रयुक्त 17 कार और एक पिकअप वाहन भी जब्त किए गए हैं।

कार्रवाई में थाना प्रभारी तपकरा निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version