Site icon Groundzeronews

*Breaking jashpur:- जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: नाबालिग से दुष्कर्म और छेड़छाड़ के मामले में 9 आरोपी गिरफ्तार, DIG के निर्देश पर चंद घंटों में हुई धरपकड़..!*

IMG 20260221 WA0005

​जशपुरनगर:-21 फरवरी 2026 जशपुर जिले के थाना नारायणपुर क्षेत्रांतर्गत रिश्तों और इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। एक 13 वर्षीय नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म और उसकी 35 वर्षीय रिश्तेदार के साथ छेड़छाड़ के मामले में जशपुर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए महज कुछ ही घंटों के भीतर सभी 9 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
*​घटना का विवरण: मेहमानी से लौटते वक्त दरिंदगी..!*
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी की 35 वर्षीय भतीजी और 13 वर्षीय बेटी अपनी बुआ के घर मेहमानी में गई हुई थीं। 17 फरवरी 2026 को जब वे वापस अपने गृह ग्राम लौट रही थीं, तभी शाम के वक्त रास्ते में एक चौक के पास नौ युवकों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
​डर के मारे बड़ी युवती किसी तरह वहां से भाग निकली और घर पहुँचकर परिजनों को आपबीती सुनाई। प्रार्थी तत्काल मौके पर पहुँचा, जिसे देख आरोपी वहां से फरार हो गए। दो दिन बाद नाबालिग बेटी ने परिजनों को हिम्मत जुटाकर बताया कि उस शाम आरोपियों में से एक ने उसे जबरन खींचकर दूर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि अन्य आरोपी मूकदर्शक बने तमाशा देखते रहे।
*​मामले को दबाने और जान से मारने की धमकी..!*
​हैरान करने वाली बात यह है कि घटना के बाद जब गांव वालों को इस बात की भनक लगी, तो आरोपियों ने प्रार्थी पर दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोपियों ने मामले को रफा-दफा करने के लिए पैसों का लालच दिया और पुलिस के पास न जाने की हिदायत देते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।​मामले की गंभीरता और पीड़िता के नाबालिग होने के कारण, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर लिया। उन्होंने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की 4 विशेष टीमों का गठन किया। पुलिस की मुस्तैदी का नतीजा रहा कि सूचना मिलने के चंद घंटों के भीतर ही सभी संदिग्धों को चिन्हित कर हिरासत में ले लिया गया।
​पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और पॉक्सो (POCSO) एक्ट की विभिन्न कठोर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों का विवरण निम्नानुसार है:

1. नीरज लकड़ा मुख्य आरोपी (23 वर्ष)
2. विधि से संघर्षरत बालक सह-आरोपी (17 वर्ष)
3. समीर मिंज सहयोगी (28 वर्ष)
4. तेलेस्फोर मिंज सहयोगी (40 वर्ष)
5. आनंद मिंज सहयोगी (38 वर्ष)
6. रितेश कुमार टोप्पो सहयोगी (29 वर्ष)
7. सुनीत तिर्की सहयोगी (30 वर्ष)
8. अविनाश तिर्की सहयोगी (25 वर्ष)
9. सत्या मिंज सहयोगी (24 वर्ष)

​इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक राकेश कुमार यादव सहित उनकी पूरी टीम की अहम भूमिका रही। डीआईजी डॉ. लाल उमेद सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा जशपुर पुलिस महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे जघन्य अपराधों में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। हमने सभी 9 आरोपियों को हिरासत में लिया है और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

Exit mobile version