जशपुरनगर। मंगलवार की शाम पेशी में कुनकुरी लाया गया कुख्यात बंदी पुलिस को चकमा देकर कोर्ट परिसर से फरार हो गया। उसके खिलाफ अपहरण और बलात्कार का अपराध दर्ज है।इस घटना ने पुलिसकर्मियों की लापरवाही की पोल खोल दी है। फिलहाल कुनकुरी पुलिस मामला दर्ज कर फरार बंदी के खोजबीन में जुटी है।
मंगलवार को जशपुर जिला जेल से बंदियों को सरकारी जेल वाहन क्रमांक सीजी 03 5497 में बैठाकर कुनकुरी न्यायालय लाया गया था। पेशी हो जाने के बाद शाम करीब 6.30 बजे बंदीगृह में सभी बंदियों को हथकड़ी लगाकर जशपुर वापस ले जाने के लिए वाहन में बैठाया जा रहा था। बताया जाता है कि इसी बीच बंदी खेलसाय पिता अमीर साय,उम्र 32, निवासी चैनपुर,थाना लखनपुर, जिला सरगुजा, हथकड़ी को सरकाकर भागने लगा। उसे भागते देख कुछ पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया, पर अंधेरे का लाभ उठाकर बंदी उन्हे चकमा देकर फरार हो गया। बंदी खेलसाय के खिलाफ़ तुमला थाना में अपराध क्र 68/2022, भादवि की धारा 363,364(क),376(2)(n) एवं लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 की धारा 4,6 के तहत अपराध दर्ज है।
बंदियों को पेशी में लाने वाले पुलिसकर्मी सिंपलिसीयुस केरकेट्टा ने इस घटना की सूचना तत्काल कुनकुरी थाने में दी। पुलिस फरार बंदी के खिलाफ़ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरु कर दी है।