Site icon Groundzeronews

*Breaking jashpur:- एकतरफा प्यार में मां की टांगी से हत्या! 24 घंटे में खुला अंधे कत्ल का राज, झारखंड से पकड़ाया हत्यारा*

IMG 20260906 WA0000

जशपुरनगर। मृतिका के पति उम्र 63 वर्ष के द्वारा दिनांक 04.09.2026 को थाना आस्ता उपस्थित आकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि धनमनी बाई उसकी पत्नी है तथा दोनों अपने घर में रहते हैं।
दिनांक 03.09.2026 को दोपहर करीब 11:30 बजे प्रार्थी अपने घर में खाना खाने के बाद मवेशी चराने के लिए जंगल की ओर गया था। उसकी पत्नी धनमनी बाई घर पर अकेली थी। शाम करीब 06:00 बजे मवेशी चराकर वापस घर आया तथा मवेशियों को गोठान में बंद कर घर के अंदर गया, तो देखा कि उसकी पत्नी धनमनी बाई घर के अंदर जमीन पर पड़ी हुई थी। उसके दाहिने तरफ के चेहरे में गंभीर चोट लगी थी तथा खून निकला हुआ था। आवाज देने पर भी वह कुछ नहीं बोली।पास ही टांगिया पड़ा हुआ था। प्रार्थी के द्वारा घटना की जानकारी तत्काल परिजनों को दी गई। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या करने की नीयत से टांगिया से वार कर उसकी पत्नी की हत्या किए जाने की रिपोर्ट पर थाना आस्ता में तत्काल हत्या के लिए बी एन एस की धारा 103(1) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

मामले की गंभीरता एवं संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस कप्तान जशपुर, उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में आरोपी की पतासाजी एवं मामले के खुलासे हेतु तत्काल विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
साथ ही फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाकर मौके का बारीकी से निरीक्षण कराया गया। पुलिस टीम द्वारा मृतिका के परिजनों एवं गवाहों से विस्तृत पूछताछ की गई। पूछताछ एवं जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि अवधेश राम नामक व्यक्ति कुछ दिन पूर्व मृतिका के घर आया था तथा उसके साथ विवाद किया था।

पुलिस जांच एवं गवाहों के कथनों के आधार पर प्रथम दृष्टया अवधेश राम पर संदेह होने पर पुलिस टीम द्वारा उसकी पतासाजी शुरू की गई। पुलिस टीम जब संदिग्ध अवधेश राम के ग्राम कोमडो स्थित घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिला।
पुलिस की टेक्निकल टीम की सहायता से संदिग्ध आरोपी की लगातार पतासाजी एवं ट्रेसिंग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को जानकारी प्राप्त हुई कि संदिग्ध आरोपी रायडीह, झारखंड में मौजूद है। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए रायडीह, झारखंड पहुंचकर आरोपी अवधेश राम को हिरासत में लिया गया तथा उसे जशपुर लाया गया।

* पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया।*
*
आरोपी अवधेश राम ने पूछताछ में बताया कि वह मृतिका की बेटी से एकतरफा प्यार करता था तथा मृतिका की बेटी द्वारा उससे बातचीत नहीं करने के कारण वह नाराज था। इसी नाराजगी में वह मृतिका के घर गया था, जहां वह घर में अकेली थी। मृतिका द्वारा आरोपी को अपनी बेटी से बातचीत करने एवं उसे परेशान करने से मना किया गया, जिससे आरोपी आवेश में आ गया और घर में रखे टांगिया से मृतिका के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से मृतिका की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

आरोपी अवधेश राम उर्फ गुटका, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कोमडो, थाना सिटी कोतवाली जशपुर द्वारा अपराध स्वीकार करने तथा अपराध के पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर उसे विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 05.09.2026 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

* मामले की कार्यवाही एवं आरोपी की गिरफ्तारी में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका*

एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, थाना प्रभारी आस्ता उपनिरीक्षक अर्जुन यादव, सउनि अमितलाल टोप्पो, प्र.आर. बलथाजर तिग्गा, प्र.आर. कोसमोस बड़ा, मआर. पूनम तिर्की, आर. दीपक भगत, आर. अर्जुन तिग्गा, आर. अनिल भगत, आर. सुरेश कुमार, आर. अनंत भगत, डीएसएफ आर. सुमन टोप्पो एवं आर. बिमलेश्वर भगत की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

*डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि थाना आस्ता क्षेत्रांतर्गत ग्राम हर्री में एक महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा है। पुलिस द्वारा हत्या में प्रयुक्त टांगिया भी जप्त किया गया है। मामले में पुलिस की अग्रिम विवेचना एवं कार्यवाही जारी है।*

Exit mobile version