कुनकुरी। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर कुनकुरी नगर की विद्युत व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।कुनकुरी नगर की मुख्य सड़क पर विद्युत अधोसंरचना के उन्नयन के लिए 4 करोड़ 99 लाख 13 हजार 220 रुपये की स्वीकृति मिली है। इस राशि से सड़क किनारे खंभों पर गुजरने वाले खुले बिजली तारों को हटाकर भूमिगत केबल बिछाने सहित ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाने और उनके डीपी ढांचों को व्यवस्थित करने का कार्य किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) द्वारा इस कार्य के लिए 13 नवंबर 2026 को कार्यादेश जारी कर दिया गया है। इस परियोजना के पूरा होने से कुनकुरी नगर की मुख्य सड़क पर विद्युत व्यवस्था अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित होगी। साथ ही सड़क की सुंदरता और शहरी आधारभूत सुविधाओं को भी नया स्वरूप मिलेगा।
*2.40 किलोमीटर एलटी और 1.30 किलोमीटर 11 केवी लाइन होगी भूमिगत*
स्वीकृत परियोजना के अंतर्गत कुनकुरी की मुख्य सड़क पर 1.30 किलोमीटर लंबी 11 केवी विद्युत लाइन तथा 2.40 किलोमीटर लंबी एलटी लाइन को भूमिगत किया जाएगा। इससे बिजली के खुले तारों और खंभों के जाल से सड़क को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही विद्युत सुरक्षा और रखरखाव की व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा सकेगा।
*नगर के 7 ट्रांसफॉर्मरों की बढ़ेगी क्षमता, 8 स्थानों पर डीपी ढांचे भी होंगे शिफ्ट*
परियोजना के तहत नगर के 8 स्थानों पर ट्रांसफॉर्मरों के डीपी ढांचों को दूसरी जगह स्थापित किया जाएगा। वहीं 7 ट्रांसफॉर्मरों की क्षमता बढ़ाकर प्रत्येक को 200 केवीए किया जाएगा। इससे विद्युत वितरण व्यवस्था को मजबूत करने और बढ़ती बिजली मांग के अनुरूप क्षमता विकसित करने में मदद मिलेगी।
*आधुनिक शहरी सुविधाओं की दिशा में महत्वपूर्ण पहल*
कुनकुरी नगर में भूमिगत विद्युत केबल बिछाने की यह परियोजना केवल बिजली व्यवस्था के सुधार तक सीमित नहीं है, बल्कि नगर की समग्र आधारभूत संरचना को आधुनिक बनाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। खुले तारों से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने, सड़क किनारे विद्युत ढांचों को व्यवस्थित करने और निर्बाध विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था को बेहतर बनाने में यह कार्य उपयोगी साबित होगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर मिली इस स्वीकृति से कुनकुरी नगर में विद्युत अधोसंरचना के विकास को नई गति मिलेगी। आने वाले समय में यह परियोजना नगर को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक स्वरूप प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
*मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का नगर वासियों ने जताया आभार*
नगर में इस विद्युत परियोजना की स्वीकृति मिलने पर नगर वासियो में हर्ष का माहौल है,वहीं इस परियोजना से नगर की विद्युत समस्या भी हमेशा के लिए खत्म हो जाएगी,लो वोल्टेज एवं पावर कट समस्या से नगर वासियों को निजात मिल जाएगी।बड़ी सौगात मिलने पर नगर वासियो ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया है।

