जशपुरनगर। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रसिद्ध देव पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर शानदार सफलता हासिल करते हुए सीबीएसई कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त किया है। विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक अर्जित कर विद्यालय, अभिभावकों एवं पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल छा गया। विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस सफलता का उत्सव मनाया।
विद्यालय के छात्र आयुष पटेल ने 92.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं बलजीत साई ने 85.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। कनहा गुप्ता ने 84.8 प्रतिशत अंक अर्जित कर तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा ऐसाना पटौदी एवं शुभ सचिन अम्बास्ट ने 83.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। स्वाति वर्मा ने 81.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
अन्य विद्यार्थियों में निखिल सोनी ने 74.4 प्रतिशत, साक्षी ठाकुर ने 73.4 प्रतिशत, मनमथ भारद्वाज ने 70.8 प्रतिशत, निशा केरकेट्टा ने 70.6 प्रतिशत तथा दीपक साहू ने 69.4 प्रतिशत अंक अर्जित कर सफलता प्राप्त की। विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने मेहनत, अनुशासन एवं निरंतर अध्ययन के बल पर यह शानदार उपलब्धि हासिल की है।
ज्ञात हो कि क्लास 10 सीबीएसई बोर्ड का परिणाम भी शत प्रतिशत रहा है ।
*प्रबंधन ने दी बधाई*
विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर ओम प्रकाश सिन्हा ने विद्यार्थियों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं अभिभावकों के सहयोग का प्रतिफल है।विद्यालय की डायरेक्टर सुनीता सिन्हा ने सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा तक सीमित नहीं है, बल्कि जीवन में आगे बढ़ने का माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्राचार्य ने भी विद्यार्थियों की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों ने पूरे वर्ष नियमित अध्ययन एवं अनुशासन का पालन किया, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले वर्षों में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट परिणाम देने का प्रयास जारी रहेगा।
*अभिभावकों ने की सराहना*
अभिभावकों ने विद्यालय के शिक्षकों एवं प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर मार्गदर्शन के कारण विद्यार्थियों को सफलता प्राप्त हो रही है। विद्यार्थियों ने भी अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता एवं शिक्षकों को दिया।
देव पब्लिक स्कूल का यह शानदार परिणाम क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बन गया है। विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
*सीबीएसई 12 वीं बोर्ड में देव पब्लिक स्कूल का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत,92.6% अंक लाकर आयुष ने बढ़ाया मान*

