जशपुरनगर। यहां के देव पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का परिचय देते हुए CBSE की 10 वीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त किया है। विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण और अभिभावकों में हर्ष का माहौल है।
इस वर्ष विद्यालय के मेधावी छात्रों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
*सत्यप्रकाश रहे अव्वल*
परीक्षा में सत्यमप्रकाश साहू ने 95.6% अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। उनके बाद अर्पित आदर्श मिश्रा ने 92.2% अंक के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया। शौर्य सिन्हा ने 91.8% अंक लाकर तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
इसी क्रम में अन्य छात्रों ने भी उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। अकाय झारिया मिंज ने 89.4%, राज विश्वकर्मा ने 87% एवं नमन यादव ने 84.8% अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता दर्ज की। वहीं यथार्थ जैन ने 83.6%, अंकिता तिग्गा ने 81.2%, रुद्र प्रताप सिंह ने 80.8%, रितिका सिंह ने 80.6%, साक्षी यादव ने 80% तथा भावना बघेल ने 79.2% अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया।
*एमडी ने दी फीस में छूट*
परीक्षा परिणाम से प्रसन्न होकर स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर ओमप्रकाश सिन्हा ने 90%से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों की फीस में विशेष छूट देकर उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए हमेशा कड़ी मेहनत करनी चाहिए, मेहनत ही सफलता की मुख्य कुंजी है। वहीं डायरेक्टर सुनीता सिन्हा ने अपने हाथों से सफल बच्चों को मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी।
*प्रबंधन ने दी बधाई*
विद्यालय के प्राचार्य आशीष डेगवेकर ने इस अवसर पर सभी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का संयुक्त परिणाम है। एकेडमिक वाइस प्रिंसिपल मालविका देगवेकर ने कहा कि विद्यालय सदैव छात्रों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी ऐसे ही उत्कृष्ट परिणाम की अपेक्षा करता है।
वाइस प्रिंसिपल एरिक सोरेंग ने भी छात्रों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि नियमित अध्ययन, अनुशासन और समय प्रबंधन इस सफलता के प्रमुख कारण रहे हैं। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी इन सफल छात्रों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
वहीं प्राचार्य जयंती सिन्हा ने सभी सफल छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं और कहा है कि यह उपलब्धि आने वाले वर्षों में अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। इस ऐतिहासिक सफलता से देव पब्लिक स्कूल, जशपुर ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समर्पण से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
*देव पब्लिक स्कूल के सीबीएसई 10 वीं बोर्ड का परिणाम शत-प्रतिशत, विद्यार्थियों ने रचा सफलता का इतिहास*

