Site icon Groundzeronews

*आंगन मिलन उत्सव में जनपद सदस्य राकेश गुप्ता ने ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ लेने किया प्रेरित*

IMG 20261001 WA0004

जशपुरनगर। सन्ना एकीकृत महिला एवं बाल विकास परियोजना के कोदोपारा सेक्टर अंतर्गत ग्राम नन्हेसर में सेवा संकल्प अभियान के तहत आंगन मिलन उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पंचायत भवन में आयोजित कार्यक्रम में विभागीय कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं, बच्चे और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

कार्यक्रम में क्षेत्र के जनपद सदस्य राकेश गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान आंगनबाड़ी विभाग द्वारा बच्चों और महिलाओं के लिए विभिन्न खेल एवं गतिविधियां आयोजित की गईं। साथ ही विभागीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी गई। योजनाओं से लाभान्वित महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए सरकार के प्रति आभार जताया।

मुख्य अतिथि राकेश गुप्ता ने ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सरकार गर्भावस्था से लेकर जीवन के अंतिम पड़ाव तक नागरिकों के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं का लाभ लेना ग्रामीणों का अधिकार है। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी लोगों तक पहुंचेगा, जब उनका प्रभावी क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर हो। उन्होंने विभागीय कर्मचारियों से भी योजनाओं को जरूरतमंदों तक पहुंचाने की दिशा में सक्रियता से कार्य करने की बात कही।

कार्यक्रम के अंत में खेल प्रतियोगिताओं में शामिल प्रतिभागियों को सेक्टर सुपरवाइजर धनकुंवर सिंह की व्यवस्था के अनुसार पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन भी सेक्टर सुपरवाइजर धनकुंवर सिंह ने किया।

इस अवसर पर ग्राम पंचायत नन्हेसर की सरपंच गीता हासदा, महिला पंचगण, पंचायत सचिव राजेंद्र यादव, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित रहे।

Exit mobile version