जशपुरनगर। देव पब्लिक स्कूल एवं डी.पी.एस. प्राइमरी बालाजी में 26 जनवरी को 77वाँ गणतंत्र दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, गरिमापूर्ण और देशभक्ति के भाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर विद्यालय परिसर राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगा नजर आया। साथ ही रणजीता स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम में जुनियर वर्ग में डीपीएस ने प्रथम स्थान प्राप्त कर जहां अपना दबदबा कायम रखा वहीं जीत की हैट्रिक भी लगाई।
स्कूल में कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः ध्वजारोहण के साथ हुई, जहाँ स्कूल के एमडी ओमप्रकाश सिन्हा द्वारा तिरंगा फहराया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान गूंजा, जिसने उपस्थित सभी शिक्षक, विद्यार्थी एवं अभिभावकों के मन में देश के प्रति गर्व की भावना भर दी।
विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीतों, कविताओं और आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं समूह गीतों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में डी पी एस प्राइमरी बालाजी में प्राचार्य जयंती सिन्हा ने संविधान के महत्व, लोकतंत्र की शक्ति और नागरिक कर्तव्यों पर प्रकाश डाला गया। शिक्षकों ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को सच्चा और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा दी।
*ब्रह्मोस मिसाइल ने भरा रोमांच*
इसी क्रम में देव पब्लिक स्कूल एवं डी.पी.एस. प्राइमरी बालाजी के विद्यार्थियों ने रणजीता स्टेडियम में आयोजित गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में भी सहभागिता की। इस भव्य आयोजन में जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। विद्यालय के बच्चों ने सामूहिक नृत्य के माध्यम से देशभक्ति, एकता और सांस्कृतिक विरासत को सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी सशक्त अभिव्यक्ति, तालमेल और अनुशासन ने निर्णायकों एवं दर्शकों का दिल जीत लिया। इस डांस में विद्यार्थियों ने 11 फीट के ब्रह्मोस मिसाइल का प्रतिरूप का प्रदर्शन कर रोमांच भर दिया। इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के परिणामस्वरूप विद्यालय की टीम ने जूनियर वर्ग में प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय प्रबंधन के सतत सहयोग का प्रतिफल है।
*खुशी से चहके बच्चे*
रणजीता स्टेडियम में पुरस्कार की घोषणा होते ही बच्चों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई और वे चहक उठे साथ ही विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण बन गया। विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर ओम प्रकाश सिन्हा ने इस सफलता पर विद्यार्थियों और शिक्षकों को बधाई दी तथा कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ बच्चों के सर्वांगीण विकास में सहायक होती हैं।
कार्यक्रम के अंत में मिठाई वितरण किया गया तथा सभी ने देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया। गणतंत्र दिवस का यह आयोजन विद्यार्थियों के मन में देशभक्ति की अमिट छाप छोड़ गया और उन्हें राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करता रहा कार्यक्रम में डायरेक्टर सुनीता सिन्हा देव पब्लिक स्कूल के प्राचार्य आशीष डेगवेकर डीपीएस प्राइमरी बालाजी प्राचार्य जयंती सिन्हा उप एकेडमिक प्राचार्य मालविका डेगवेकर उप प्राचार्य एरिक सोरेंग सहित सभी शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद थे ।
*मुख्य समारोह के सांस्कृतिक कार्यक्रम में डीपीएस के जीत की हैट्रिक, देव पब्लिक स्कूल एवं डीपीएस प्राइमरी बालाजी में धूमधाम से मना गणतंत्र दिवस*

