जशपुरनगर। मंगलवार डी.पी.एस. प्राइमरी स्कूल में मंगलवार को टर्म-1 का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय में अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों के अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यालय की शिक्षिका प्रमिला लकड़ा ने अभिभावकों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम को आगे बढ़ाया। बैठक के दौरान विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों पर चर्चा की गई तथा उनके शैक्षणिक प्रदर्शन, प्रगति और सुधार की आवश्यकता वाले क्षेत्रों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में विशेष रूप से आगामी टर्म-2 सिलेबस की तैयारी पर चर्चा हुई। शिक्षकों ने अभिभावकों को बच्चों की पढ़ाई में नियमितता बनाए रखने, समय-सारिणी के अनुसार अध्ययन करने तथा घर पर पढ़ाई के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया। इसके अतिरिक्त, विद्यालय की डायरी में विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं अनुपस्थिति का नियमित और सही विवरण दर्ज करने पर भी विशेष जोर दिया गया। शिक्षकों ने बताया कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति उनके शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
बैठक में बच्चों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित विषयों पर भी चर्चा की गई। अभिभावकों को बच्चों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा उनके सर्वांगीण विकास में सहयोग देने का संदेश दिया गया। साथ ही समानता एवं एकरूपता के महत्व पर आधारित गतिविधियों के माध्यम से बच्चों में अनुशासन, सहयोग और सकारात्मक सोच विकसित करने पर बल दिया गया।
*शिक्षकों-अभिभावकों की साझा भूमिका*
विद्यालय की प्राचार्य जयंती सिन्हा ने बच्चों के सर्वांगीण विकास में शिक्षक एवं अभिभावक की साझा भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि शिक्षक और अभिभावक के बीच बेहतर समन्वय ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। विद्यालय और परिवार के संयुक्त प्रयासों से ही बच्चों में शिक्षा, संस्कार, अनुशासन एवं आत्मविश्वास का विकास संभव है।
*सामूहिक प्रयास जरूरी*
विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर ओम प्रकाश सिन्हा ने कहा कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति का मूल्यांकन करना, अभिभावकों से संवाद स्थापित करना तथा बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना है ।
*प्रबंधन ने जताया आभार*
इस प्रकार बैठक सकारात्मक वातावरण में संपन्न हुई। विद्यालय प्रबंधन ने सभी अभिभावकों की सहभागिता के लिए आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि शिक्षक एवं अभिभावक मिलकर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
*डी.पी.एस. प्राइमरी स्कूल में टर्म-1 के परिणाम घोषित, पीटीएम का हुआ आयोजन*

