Site icon Groundzeronews

*गरियादोहर में श्री रामनवमी महोत्सव के तहत अष्ट प्रहरी महायज्ञ का भव्य समापन, 24 घंटे गूंजता रहा हरे राम-हरे कृष्ण का नाम, हजारों की संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल…*

IMG 20260329 WA0008

जशपुरनगर/दोकड़ा। ग्राम गरियादोहर में श्री रामनवमी महोत्सव के पावन अवसर पर आयोजित अष्ट प्रहरी महायज्ञ का रविवार को अत्यंत भव्य, श्रद्धामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। पूरे 24 घंटे तक चले इस अखंड धार्मिक आयोजन में क्षेत्र भर से हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। गांव का वातावरण “हरे राम-हरे कृष्ण” के संकीर्तन से निरंतर गुंजायमान रहा, जिससे पूरा क्षेत्र भक्ति रस में डूबा नजर आया।
इस विशेष आयोजन में ओडिशा एवं झारखंड से पहुंचे प्रसिद्ध कीर्तन गायकों ने अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं स्थानीय एवं आसपास के गांवों की कीर्तन मंडलियों ने भी बैठकी कर एक से बढ़कर एक भजन प्रस्तुत किए। कंचनपुर, पुसलदा, ठाकुर मुड़ा, टिकलीपारा, कछुवाकानी, सीमाबरी, केन्दूडीह और लुड़ेग सहित विभिन्न गांवों से आई मंडलियों ने अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से माहौल को पूरी तरह आध्यात्मिक बना दिया।
महोत्सव के दौरान नगर भ्रमण भी आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें श्रद्धालु भक्ति गीतों के साथ पूरे गांव में घूमे और भगवान श्रीराम के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कीर्तन बैठकी में देर रात तक भजन-कीर्तन का दौर चलता रहा, जहां श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए।
महायज्ञ के अंतर्गत आयोजित महाआरती में प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय विशेष रूप से शामिल हुईं। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
समापन अवसर पर पारंपरिक दही हंडी कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसने आयोजन में उत्साह और रोमांच का रंग भर दिया। युवाओं ने पूरे जोश के साथ दही हंडी फोड़कर कार्यक्रम का उल्लासपूर्ण समापन किया।
इस अवसर पर पद्मश्री जगेश्वर यादव, भाजयुमो जिला अध्यक्ष विजय आदित्य सिंह जूदेव, समाज के वरिष्ठ गणेश यादव, शंकर यादव, परसू यादव, ठाकुर पुरुषोत्तम सिंह, बलराम भगत, दिनेश प्रसाद, सरोज यादव सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बजरंग बली मंदिर समिति गरियादोहर के तत्वावधान में आयोजित इस अष्ट प्रहरी महायज्ञ का समापन महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने गरियादोहर को एक भक्ति धाम का स्वरूप प्रदान कर दिया।

Exit mobile version