कोतबा:-राष्ट्र के प्रति अटूट श्रद्धा और गौरव के साथ नगर की प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था इंडियन बेनिफिसियल पब्लिक स्कूल (अंग्रेजी माध्यम) में 77वाँ गणतंत्र दिवस बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। हनुमान मंदिर के समीप संचालित इस संस्था में आयोजित कार्यक्रम ने न केवल बच्चों बल्कि नगरवासियों में भी राष्ट्रप्रेम का नया जोश भर दिया।
समारोह की मुख्य अतिथि, नगर की प्रतिष्ठित समाजसेवी व गणमान्य नागरिक श्रीमती सुनीता ऋषि शर्मा ने ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात उन्होंने अनुशासित छात्र-छात्राओं की परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान की गूँज के साथ पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘राष्ट्रपिता महात्मा गांधी अमर रहें’ के नारों से गुंजायमान हो उठा। इस गौरवपूर्ण क्षण के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में अभिभावक, पालकगण और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
विद्यालय की प्राचार्या प्राची निखाड़े के कुशल मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने एक विशाल प्रभातफेरी निकाली। यह रैली विद्यालय से प्रारंभ होकर कारगिल चौक तक पहुँची। हाथों में तिरंगा लिए छात्र-छात्राओं ने ‘अमर जवान अमर रहें’ और ‘वंदे मातरम’ के जयघोष लगाकर पूरे नगर को देशभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
प्रभातफेरी के पश्चात विद्यालय प्रांगण में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छोटे-छोटे बच्चों ने आकर्षक वेशभूषा में देशहित से संबंधित विभिन्न प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्होंने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। नन्हे कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए गए नाटकों और गीतों ने देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया।
वीरों के बलिदान को किया याद
मुख्य अतिथि श्रीमती शर्मा ने अपने संबोधन में बच्चों को संविधान के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा 26 जनवरी 1950 को हमारे देश का संविधान लागू हुआ, जिसने हमें हमारे अधिकार और कर्तव्य दिए। आज हमें उन अमर जवानों और शहीदों को नहीं भूलना चाहिए जिन्होंने अपनी जान की कुर्बानी देकर और अपना रक्त बहाकर इस देश की सीमाओं की रक्षा की है।
कार्यक्रम के अंत में संस्था की प्राचार्या श्रीमतिप्राची निखाड़े ने मुख्य अतिथि का आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने बच्चों को महान नायकों के पदचिन्हों पर चलने और शिक्षा के माध्यम से देश सेवा करने की प्रेरणा दी। उन्होंने इस सफल आयोजन के लिए शिक्षक वृन्द और सहयोगियों की सराहना की।
*तिरंगे के रंग में रंगा इंडियन बेनिफिसियल पब्लिक स्कूल: 77वें गणतंत्र दिवस पर बच्चों ने बिखेरी देशभक्ति की छटा..!*

