*जशपुरनगरः* जिला पंचायत जशपुर के उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव की पहल पर दुलदुला ब्लाक के ग्राम पंचायत बांसाताल के आश्रित गांव झारगांव के रहवासियों को अब बरसात के दिनों में टापू सा जीवन जीने से मुक्ति मिल जाएगी। जिला पंचायत जशपुर के उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव की पहल पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुल निर्माण के लिए 15 लाख रूपये की स्वीकृति दी है। इस पुल निर्माण के लिए शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने भूमि पूजा किया। भूमि पूजा समारोह में शामिल होने के लिए पहुंचे शौर्य प्रताप सिंह जूदेव का ग्रामीणों ने ढोल नगाड़े और पुष्प वर्षा के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने पुल निर्माण का भूमि पूजा किया। इस दौरान उन्होनें ग्रामीणों से चर्चा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर सहित प्रदेश का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होनें कहा कि छत्तीसगढ़ को नक्सलवाद से मुक्ति मिल चुका है। अब बारी विकास की है। उन्होनें बताया कि झारगांव के निवासियों ने उन्हें बस्ती के पास बहने वाली पहाड़ी नाले में पुल ना होने से बरसात के दिनों में होने वाली कठिनाईयों से अवगत कराया था। उन्होने कहा कि भाजपा क्षेत्रवासियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए कृत संकल्पित है। जल्द ही पुल का निर्माण पूरा हो जाएगा। झारगांव के रहवासियों ने पुल निर्माण के लिए जिला पंचायत के उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव का आभार जताया है। उल्लेखनिय है कि झरगांव छत्तीसगढ और झारखंड की अंर्तराज्यी सीमा पर स्थित गांव है। लगभग 400 की आबादी वाले इस गांव तक पहुंचने के लिए एक पहाडी नाला को पार करना होता है। बारिश के दिनों में पहाड़ी नाले पर उफान आने पर झारगांव के निवासी अपने घरों में कैद हो कर रह जाया करते थे। सबसे अधिक परेशानी गांव में किसी के स्वास्थय खराब होने पर होती है। इस पुल का निर्माण हो जाने पर इन सारी कठिनाईयों से झारगांव के निवासियों को मुक्ति मिल जाएगी।
*झारगांव को मिलेगी टापू के जीवन से मुक्ति, शौर्य प्रताप सिंह जूदेव की पहल पर 15 लाख से बनेगा पुल, जूदेव ने किया भूमि पूजा*

