Site icon Groundzeronews

*स्टाफ के अभाव में जूझ रहा कलिया PHC, मरीज परेशान; CMHO बोले— जल्द भरेंगे रिक्त पद*

file 000000009bc0822fb646cd5cce65ab4f

बगीचा, जशपुर। सरकार ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जशपुर जिले के बगीचा विकासखंड स्थित कलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) की तस्वीर इन दावों की हकीकत बयां कर रही है। यहां स्वीकृत 14 पदों में से 9 पद वर्षों से रिक्त पड़े हैं। हालत यह है कि अस्पताल महज 35 प्रतिशत स्टाफ के भरोसे संचालित हो रहा है और इसका खामियाजा हजारों ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।

स्वीकृत पद कागजों में, अस्पताल में पसरा सन्नाटा

स्वास्थ्य विभाग के मापदंड के अनुसार कलिया PHC में 1 मेडिकल ऑफिसर, 1 AMO, 3 स्टाफ नर्स, 2 ANM, 1 लैब टेक्नीशियन, 1 फार्मासिस्ट, 1 RMA, 1 RHO, 1 वार्ड बॉय और 1 सहायक ग्रेड-3 का पद स्वीकृत है।

लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि अस्पताल में केवल 1 मेडिकल ऑफिसर, 1 AMO, 1 वार्ड आया, 1 आयुष फार्मासिस्ट और 1 JSA ही कार्यरत हैं। वहीं 1 RMA और 1 सहायक ग्रेड-3 की पदस्थापना अन्यत्र है। सबसे अहम स्टाफ नर्स, ANM, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट और RHO के पद लंबे समय से खाली पड़े हैं।

प्रसव से जांच तक हर सेवा प्रभावित

स्टाफ की कमी का सबसे ज्यादा असर मरीजों पर पड़ रहा है। नर्स और ANM नहीं होने के कारण गर्भवती महिलाओं का प्रसव यहां नहीं हो पा रहा और उन्हें सीधे दूसरे अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है। लैब टेक्नीशियन नहीं होने से जरूरी जांच नहीं हो पा रही, जबकि फार्मासिस्ट के अभाव में दवा वितरण व्यवस्था भी प्रभावित है। छोटी-छोटी बीमारियों के इलाज के लिए भी लोगों को कई किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है।

बरसात में अस्पताल पहुंचना भी चुनौती

ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में कलिया को बगीचा और जशपुर से जोड़ने वाली सड़क की हालत बेहद खराब हो जाती है। कीचड़ और गड्ढों के कारण एंबुलेंस की आवाजाही बाधित होती है। ऐसे में गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाना मुश्किल हो जाता है, जिससे अनहोनी का खतरा बना रहता है।

ग्रामीणों में नाराजगी, जल्द भर्ती की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से रिक्त पदों के कारण स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं, लेकिन अब तक स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने कलेक्टर और स्वास्थ्य विभाग से सभी रिक्त पदों पर तत्काल नियुक्ति करने की मांग की है, ताकि क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

CMHO बोले— जल्द भरेंगे रिक्त पद

इस संबंध में जब CMHO डॉ. जी.एस. जात्रा से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि कलिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरने का प्रयास किया जाएगा, ताकि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर ढंग से संचालित हो सकें।

Exit mobile version