Site icon Groundzeronews

*भक्तिपूर्ण वातावरण में मनाया गया लोलार्क षष्ठी एवं अघोरेश्वर जयंती पर्व, महिला संगठन ने 52 परिवारों को बांटी मच्छरदानी और साड़ियां*

IMG 20260919 WA0034

जशपुर। परम पूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु द्वारा स्थापित जशपुर जिले के तीनों आश्रम—ब्रह्मनिष्ठालय सोगड़ा, अघोरपीठ गम्हरिया एवं जनसेवा अभेद आश्रम नारायणपुर में अघोराचार्य महाराज श्री बाबा कीनाराम जी का लोलार्क षष्ठी पर्व 17 सितंबर एवं परम पूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु का 90वां जयंती पर्व 18 सितंबर को भक्तिपूर्ण वातावरण में मनाया गया।

इस अवसर पर तीनों आश्रमों में अघोराचार्य बाबा कीनाराम जी के विग्रह एवं परम पूज्य अघोरेश्वर महाप्रभु के महाविभूति स्थल पर विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। दोनों दिन सुबह 8:30 बजे विशेष पूजा, आरती एवं हवन का आयोजन हुआ।

अघोरेश्वर जयंती की संध्या पर ब्रह्मनिष्ठालय सोगड़ा आश्रम में ग्रामीणों ने पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचकर सुमधुर भजन एवं संगीत की प्रस्तुति दी, जो देर रात तक चलता रहा। इस दौरान ग्रामीण बच्चों को दोपहर का प्रसाद भी वितरित किया गया।

महिला संगठन ने किया जनसेवा कार्य

अघोरेश्वर जयंती के अवसर पर बाबा भगवान राम ट्रस्ट, जशपुर के तत्वावधान में श्री सर्वेश्वरी महिला संगठन जशपुर द्वारा सुदूर ग्राम जोगीमारा में जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। 18 सितंबर को अपराह्न 3:30 बजे आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं के बीच मच्छरदानी एवं साड़ियों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत ग्रामीण महिलाओं द्वारा सर्वेश्वरी महिला संगठन के आत्मीय स्वागत, स्वागत गान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ की गई। इसके बाद श्री कमल दूबे ने कार्यक्रम के उद्देश्य एवं बाबा भगवान राम ट्रस्ट के अध्यक्ष पूज्यपाद बाबा गुरूपद संभव राम जी के निर्देशन में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी ग्रामीणों को दी।

इस दौरान स्कूली बच्चों के बीच कलर पेंसिल एवं चॉकलेट का वितरण किया गया। इसके बाद महिला संगठन की सदस्यों ने ग्रामीण महिलाओं को मच्छरदानी एवं साड़ियां वितरित कीं। शिविर में कुल 52 परिवारों को 104 मच्छरदानियां एवं साड़ियां वितरित की गईं।

कार्यक्रम की रूपरेखा एवं स्थान चयन में श्री कमल दूबे, प्रवीण कुमार सिन्हा, सत्यम सिंह नायक एवं श्री वीरेन्द्र सिन्हा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

महिला संगठन की ओर से श्रीमती सरिता अखौरी, श्रीमती बबीता सिन्हा, श्रीमती अनुपमा सिंह, श्रीमती कविता सिंह, श्रीमती अर्पिता दूबे, श्रीमती पूनम दूबे, श्रीमती सीमा सिंह, श्रीमती लक्ष्मीप्रिया सिंह, श्रीमती निशा सिंह, सुश्री सौम्या सुरभि, श्रीमती अनिमा मिश्रा, श्रीमती अंजू सिन्हा, श्रीमती स्नेहा उपाध्याय, श्रीमती गुड्डी उपाध्याय, श्रीमती निधि यादव, श्रीमती अनामिका सिन्हा, श्रीमती परमजीत कौर, श्रीमती सोनी सिंह एवं श्रीमती रंजिता षाडंगी ने सक्रिय भूमिका निभाई।

जोगीमारा ग्राम की सरपंच श्रीमती कविता बाई तथा जोगीमारा प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक श्री दिलीप रथ, सुश्री अंशुमाला एवं शिक्षक श्री सुरेश राम का भी कार्यक्रम में विशेष सहयोग रहा।

21 सितंबर को स्थापना दिवस समारोह

श्री सर्वेश्वरी समूह का स्थापना दिवस समारोह आगामी 21 सितंबर 2026, सोमवार को विधिवत आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर सुबह 5:30 बजे अघोरपीठ से प्रभातफेरी निकाली जाएगी। दोपहर में चिकित्सालय में पौष्टिक आहार का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न मंदिरों, मस्जिदों एवं गिरिजाघरों में झाड़ू का वितरण भी किया जाएगा।

Exit mobile version