जशपुरनगर। यहां के देव पब्लिक स्कूल में सावन माह की हरियाली, उमंग और उल्लास को समर्पित सावन सेलिब्रेशन का भव्य आयोजन मंगलवार को किया गया। कार्यक्रम विशेष रूप से माताओं को समर्पित रहा। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एडिशन एसपी की पत्नी श्रीमती पटनवार थीं। विद्यालय द्वारा आयोजित इस समारोह का उद्देश्य माताओं के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करने के साथ-साथ उन्हें विद्यालय की गतिविधियों से जोड़ना और मनोरंजन के लिए एक खुशनुमा मंच प्रदान करना रहा।
सावन उत्सव के लिए विद्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। चारों ओर फूलों, आम और अशोक के पत्तों की बंदनवार, झूले तथा सावन की पारंपरिक सजावट ने पूरे वातावरण को मनमोहक बना दिया। हरियाली और रंग-बिरंगी सजावट के बीच माताओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर माताओं के लिए हरे रंग की साड़ी का ड्रेस कोड रखा गया, जिससे पूरा परिसर सावन की हरियाली के रंग में रंगा नजर आया।
कार्यक्रम में प्रतियोगिता में भाग लेने वाली माताओं के लिए सुबह 8:30 बजे प्रवेश रखा गया, जबकि अन्य माताओं का प्रवेश सुबह 9:30 बजे से हुआ। इस महोत्सव में स्कूल की छात्राओं ने फूड स्टॉल भी लगाया था, जिसमें माताओं ने तरह तरह के व्यंजनों का लुत्फ़ लिया।
*माताओं ने दिखाई प्रतिभा*
आयोजन में विभिन्न मनोरंजक खेलों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रतियोगिताओं का समावेश किया गया। माताओं ने अपनी प्रतिभा और उत्साह का प्रदर्शन करते हुए कार्यक्रम को यादगार बना दिया। नृत्य, संगीत और पारंपरिक सावन गतिविधियों ने समारोह में विशेष आकर्षण जोड़ा।
सावन उत्सव में माताओं की सहभागिता ने कार्यक्रम की रौनक बढ़ा दी। कई माताओं ने पारंपरिक परिधान में हिस्सा लेकर सावन की संस्कृति और लोक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की।
*सेल्फी की मची होड़*
विद्यालय परिसर में बनाए गए फोटो बूथ पर माताओं ने परिवार और सहेलियों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और इस विशेष अवसर की यादों को संजोया। कार्यक्रम के दौरान जलपान की भी व्यवस्था की गई।
*संबंधों को मजबूत करने की कड़ी*
विद्यालय की डायरेक्टर सुनीता सिन्हा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं होते, बल्कि विद्यालय और अभिभावकों के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। माताएं बच्चों के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उनके योगदान को सम्मानित करने का यह आयोजन विद्यालय की ओर से एक सुंदर पहल है।
*बताई सावन की महिमा*
डीपीएस प्राइमरी बालाजी की प्राचार्य जयंती सिन्हा ने सावन माह की आध्यात्मिक और प्राकृतिक महिमा को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि यह सावन उत्सव माताओं के लिए आनंद, उत्साह और आत्मीयता से भरा अनुभव रहा। कार्यक्रम ने विद्यालय परिसर में सावन की खुशियों और पारंपरिक संस्कृति की मनमोहक छटा बिखेर दी। वहीं सभी प्रतिभागी माताओं ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे यादगार और सुखद अनुभव बताया।
*बच्चों के साथ माताओं की दिखी ग़ज़ब की बॉन्डिंग, देव पब्लिक स्कूल का सावन उत्सव बना यादगार*

