Site icon Groundzeronews

*बिरहोर-कोरवा समुदाय के बीच पहुंचीं श्रीमती कौशल्या साय, राखी बांधकर मनाया रक्षाबंधन पर्व, एक साथ बैठकर किया भोज, पेड़ की पूजा कर प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश; स्कूली बच्चों को बांटे उपहार*

IMG 20260829 WA0005

जशपुरनगर। रक्षाबंधन पर्व के पावन अवसर पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की धर्मपत्नी श्रीमती कौशल्या साय ने कुनकुरी तहसील क्षेत्र के बेहराखार अंतर्गत शंकरनगर पहुंचकर विशेष पिछड़ी जनजाति बिरहोर एवं कोरवा समुदाय के लोगों के साथ रक्षाबंधन का पर्व आत्मीयता और स्नेह के साथ मनाया। उन्होंने समुदाय के बीच पहुंचकर महिलाओं और ग्रामीणों को राखी बांधी तथा रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।इस दौरान श्रीमती कौशल्या साय ने जनजातीय परिवारों के साथ घुल-मिलकर समय बिताया और उनके सुख-दुख तथा जीवन से जुड़ी विभिन्न बातों पर आत्मीय संवाद किया। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि आपसी स्नेह, विश्वास और सामाजिक समरसता का भी संदेश देता है।

*बच्चों को दिए शिक्षा के लिए उपयोगी उपहार*

रक्षाबंधन के अवसर पर श्रीमती कौशल्या साय ने स्कूली बच्चों को स्कूल बैग, पेंसिल, पानी की बोतल एवं कॉपियां भेंट कीं। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी दिखाई दी। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

*जनजातीय परिवारों के साथ बैठकर किया वनभोज*

कार्यक्रम के दौरान श्रीमती कौशल्या साय ने बिरहोर एवं कोरवा समुदाय के परिवारों के साथ एक साथ बैठकर वनभोज भी किया। उन्होंने ग्रामीणों के साथ सहजता से भोजन किया और आत्मीय वातावरण में समय बिताया। इस दौरान जनजातीय समुदाय के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया।

*पेड़ की पूजा कर प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश*

रक्षाबंधन पर्व को प्रकृति संरक्षण से जोड़ते हुए श्रीमती कौशल्या साय ने पेड़ की पूजा की और प्रकृति की रक्षा का संकल्प लिया। उन्होंने पेड़ को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद पौधरोपण भी किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं और प्रकृति की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है।रक्षाबंधन के इस विशेष आयोजन ने सामाजिक समरसता, जनजातीय समुदाय के प्रति आत्मीयता, बच्चों की शिक्षा और प्रकृति संरक्षण का सुंदर संदेश दिया। बिरहोर एवं कोरवा समुदाय के बीच पहुंचकर श्रीमती कौशल्या साय द्वारा मनाया गया रक्षाबंधन पर्व ग्रामीणों के लिए यादगार बन गया।इस अवसर पर पद्मश्री जागेश्वर राम यादव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर लाल उमेद सिंह, सरपंच विश्वनाथ सिदार, सरपंच बालमति बाई, सरपंच अविनाश, वीरसिंह, जीतेन्द्र यादव, मिथुन यादव, करुणा यादव सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Exit mobile version