Site icon Groundzeronews

*CM साय की सौगात से तेजी से बन रहा नालंदा परिसर, जशपुर को मिलेगी 500 सीटर आधुनिक लाइब्रेरी*

IMG 20261118 WA0004

जशपुरनगर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की घोषणा के अनुरूप जशपुर जिले में विकास कार्यों को तेजी से धरातल पर उतारा जा रहा है। शिक्षा और युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने की इसी कड़ी में जिला मुख्यालय जशपुर में 11 करोड़ 29 लाख रुपये की लागत से 500 सीटर आधुनिक नालंदा परिसर का निर्माण तेजी से जारी है। ज्ञान, अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह परिसर आने वाले समय में विद्यार्थियों और युवाओं के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

जिला मुख्यालय में शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या विद्यालय के सामने लगभग एक एकड़ भूमि पर निर्माणाधीन नालंदा परिसर का करीब 50 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। नगरपालिका द्वारा निर्माण कार्य को अप्रैल 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की मंशा के अनुरूप इस परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

*एक साथ 500 विद्यार्थी कर सकेंगे अध्ययन*

मुख्य नगरपालिका अधिकारी योगेश्वर उपाध्याय ने बताया कि नालंदा परिसर में एक साथ 500 लोगों के बैठकर अध्ययन करने की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए पांच बड़े अध्ययन कक्ष बनाए जा रहे हैं। प्रत्येक हॉल में विद्यार्थियों के लिए टेबल-कुर्सी, पर्याप्त रोशनी, पंखे सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। परिसर में शांत और सुकून भरा वातावरण बनाने के लिए गार्डन भी विकसित किया जा रहा है, ताकि विद्यार्थी एकाग्रता के साथ अपनी पढ़ाई कर सकें।

*ई-पुस्तकालय और हाईस्पीड वाई-फाई से जुड़ेगा ज्ञान का संसार*

आधुनिक नालंदा परिसर में विद्यार्थियों को पारंपरिक पुस्तकों के साथ ई-पुस्तकों की सुविधा भी मिलेगी। हाईस्पीड वाई-फाई के माध्यम से युवा इंटरनेट पर उपलब्ध शैक्षणिक सामग्री, विश्व स्तरीय साहित्य और विभिन्न विषयों की डिजिटल पुस्तकों का अध्ययन कर सकेंगे। विद्यार्थी अपने मोबाइल और लैपटॉप के माध्यम से भी डिजिटल अध्ययन सामग्री का लाभ उठा सकेंगे।

इस आधुनिक पुस्तकालय के संचालन की जिम्मेदारी नगरपालिका संभालेगी। परिसर में कैफेटेरिया की सुविधा भी विकसित की जा रही है।जिससे विद्यार्थियों को अपनी सुविधानुसार अध्ययन का अवसर मिल सकेगा।

*प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को मिलेगा लाभ*

वर्तमान में जिला मुख्यालय में शिक्षा विभाग द्वारा संचालित पुस्तकालय में विद्यार्थी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवा अध्ययन की सुविधा प्राप्त कर रहे हैं। नालंदा परिसर के शुरू होने से उन्हें आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित एक बड़े अध्ययन केंद्र की सुविधा मिलेगी। यहां विभिन्न विषयों की पुस्तकों और डिजिटल अध्ययन सामग्री के माध्यम से युवाओं को अपनी शैक्षणिक तैयारी बेहतर बनाने का अवसर मिलेगा। प्रस्तावित पुस्तकालय के लिए शासन की ओर से पुस्तकों की उपलब्धता हेतु अलग से फंड भी प्रदान किया जाएगा।

*कुनकुरी में भी बन रहा आधुनिक नालंदा परिसर*

जशपुर जिले में शिक्षा संबंधी अधोसंरचना के विस्तार की कड़ी में कुनकुरी नगर पंचायत में भी 4 करोड़ 37 लाख रुपये की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण कराया जा रहा है। इसका निर्माण कार्य भी अंतिम चरण में पहुंच चुका है। इससे कुनकुरी सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों और युवाओं को आधुनिक अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में सड़क, पुल-पुलिया, स्वास्थ्य, बिजली और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल रही है। नालंदा परिसर जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाएं जिले के युवाओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इससे जशपुर में शिक्षा के नए अवसर विकसित होंगे और विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए बेहतर आधार मिलेगा।

Exit mobile version