Site icon Groundzeronews

*जशपुर विस में प्रत्याशी को लेकर भाजपा में उठ रहे विरोध पर नितीन ने दिया बड़ा बयान, एक सवाल के जवाब में उन्होंने ग्राउंड ज़ीरो ई न्यूज़ से क्या कहा…पढ़िए*

IMG 20231016 WA0139

जशपुरनगर। इन दिनों चुनाव को लेकर राजनीति गरमाई हुई है। खासकर जशपुर विधान सभा क्षेत्र की बात करें, तो यहां से भारतीय जनता पार्टी ने रायमुनि भगत को अपना प्रत्याशी बनाया है। प्रत्याशियों की लिस्ट जारी होते ही भाजपा में ही रायमुनि भगत को लेकर विरोध शुरु हो गया है। सबसे पहले भाजपा नेता पूर्व मंत्री गणेश राम भगत के समर्थकों ने मोर्चा खोल दिया। उनके सैकड़ों समर्थक प्रत्याशी बदलने की मांग को लेकर रायपुर में डेरा जमाए हुए हैं। वहीं एक और दावेदार गंगा राम भगत के समर्थक भी प्रत्याशी बदलने की मांग कर रहे हैं। इतने विरोध के बाद भाजपा चुनाव में कैसे जाएगी, डेमेज कंट्रोल कैसे करेगी, किन मुद्दों को लेकर पार्टी चुनाव में जनता के बीच जाएगी, ऐसे कई विषयों को लेकर ग्राउंड ज़ीरो ने भाजपा के सरगुजा संभाग संयोजक (प्रधान मंत्री के मन की बात कार्यक्रम) व सांसद प्रतिनिधि नितीन राय से कई सवाल पूछे, जानिए उन्होंने क्या कहा:-

*सवाल-* भाजपा के अंदर सब कुछ सही नहीं चल रहा है। जशपुर विस क्षेत्र में प्रत्याशी का विरोध हो रहा है और कार्यकर्ताओं में नाराज़गी है। यह कितना नुकसानदेह हो सकता है?

*जवाब:-* पार्टी एकजुट है। कार्यकर्ताओं में नाराज़गी जैसी कोई बात नहीं है। लोकतंत्र में सभी को अपनी बात कहने का हक होता है। भाजपा कार्यकर्ताओं की निष्ठा पार्टी के साथ है और सभी कार्यकर्ता अपनी मेहनत से जिले के तीनों विधान सभा से भाजपा को जीत दिलाएंगे।

*सवाल:-* इस बार प्रदेश में पार्टी ने मुख्यमंत्री के लिए कोई चेहरा सामने नहीं किया है, क्या भाजपा केवल नरेंद्र मोदी के चेहरे पर ही भरोसा कर रही है?

*जवाब:-* पार्टी में प्रदेश में कई काबिल नेता हैं जो मुख्यमंत्री के योग्य हैं। भाजपा विधायक दल जिसे भी अपना नेता चुनेगा, वही मुख्यमंत्री बनेगा। पूरा चुनाव हम आदरणीय नरेंद्र मोदी और आला कमान के मार्गदर्शन में लड़ रहे हैं।

*सवाल:-* अगर बात जिले की करें, तो किन-किन मुद्दों को लेकर पार्टी जनता के बीच जाएगी?

*जवाब:-* हमें अलग से कोई मुद्दा खोजने की जरूरत ही नहीं है। कांग्रेस सरकार के भ्रष्ट कारनामों से जनता त्रस्त हो चुकी है और इस चुनाव में वह कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकेगी। जिले के कांग्रेसी विधायकों ने अपनी जेब भरने के अलावा कुछ नहीं किया है, जिससे जनता उन्हें दोबारा चुने।

*सवाल:-* अगर वोटरों की बात की जाए, तो इस बार के चुनाव में किनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहने वाली है?

*जवाब:-* हमेशा से युवा शक्ति का हर क्षेत्र में अपना योगदान होता है। इस बार युवा मतदाता बहुत उम्मीद से भाजपा की ओर देख रहा है और इस चुनाव में युवा वोटर ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले हैं।

Exit mobile version