Site icon Groundzeronews

*श्रीमद भागवत कथा के चौथे दिन धूमधाम से मना श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, भव्य झांकी ने भक्तों को किया भाव-विभोर*

IMG 20260208 WA0008 1

जशपुरनगर :- शहर के श्रीहरि कीर्तन भवन में आयोजित सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद भागवत कथा के चौथे दिन शनिवार शाम श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। कथा का समापन भगवान श्रीकृष्ण जन्म की दिव्य कथा और भव्य झांकी के साथ हुआ, जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। पूरा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा।
चौथे दिन की कथा के जजमान राजकुमार अग्रवाल एवं उनकी धर्मपत्नी प्रभा अग्रवाल रहे। विधिवत पूजन-अर्चन के साथ कथा का शुभारंभ हुआ। वृंदावन से पधारे कथावाचक करुणा शंकर महाराज ने श्रीमद भागवत कथा को आगे बढ़ाते हुए भगवान श्रीकृष्ण के जन्म प्रसंग का अत्यंत भावपूर्ण और संगीतमय वर्णन किया। उन्होंने बताया कि जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब भगवान अवतार लेकर भक्तों की रक्षा करते हैं।

*कृष्ण जन्म की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र*

कथा के विशेष आकर्षण के रूप में भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की भव्य झांकी प्रस्तुत की गई। झांकी में कारागार में वासुदेव-देवकी, बालकृष्ण का प्राकट्य, नंदगोकुल का आनंद और ग्वाल-बालों की लीलाओं को सजीव रूप में दर्शाया गया। सुंदर सजावट, आकर्षक प्रकाश व्यवस्था और भावपूर्ण प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। झांकी के दौरान पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया।

*भजनों पर झूमे श्रद्धालु*

कथा के दौरान संगीतमय भजनों और कीर्तन पर श्रद्धालु देर तक झूमते नजर आए। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय रही, कृष्ण जन्म के समय श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर आनंद प्रकट किया
कथा के समापन के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया, जिसे आयोजन समिति के सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने सेवा भाव के साथ संपन्न कराया।

उल्लेखनीय है कि सात दिवसीय श्रीमद भागवत कथा प्रतिदिन शाम 6 बजे से 9 बजे तक श्रीहरि कीर्तन भवन में जारी रहेगी। आयोजन समिति ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने की अपील नगरवासियों से की है।

Exit mobile version