जशपुरनगर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर जिले में सड़क एवं पुल-पुलियों के निर्माण कार्यों को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में सन्ना मार्ग स्थित मरगा नाला पर 4 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है। पुल निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद क्षेत्र में आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगी।मरगा नाला पर पहले सकरी पुलिया होने के कारण आवागमन में कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। संकरे मार्ग के कारण कई बार यातायात बाधित होने की स्थिति बन जाती थी। ऐसे में उच्च स्तरीय पुल का निर्माण पूरा होने से लोगों को इस समस्या से राहत मिलेगी और आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
*कई जिलों को जोड़ने वाले मार्ग को मिलेगी मजबूती*
सन्ना मार्ग जशपुर जिला मुख्यालय को सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों की ओर जाने वाले मार्गों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में मरगा नाला पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण क्षेत्र की कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ अन्य जिलों की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
*जिले में 22 उच्च स्तरीय पुलों के लिए 109 करोड़ रुपये की मिली है स्वीकृति*
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले में 22 उच्च स्तरीय पुलों के निर्माण के लिए कुल 109 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इन निर्माण कार्यों से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने और सड़क संपर्क को मजबूत करने में मदद मिलेगी।मरगा नाला पर पुल निर्माण कार्य में तेजी आने से क्षेत्रवासियों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही उन्हें संकरी पुलिया के कारण होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। पुल निर्माण से आवागमन सुगम होने की उम्मीद के बीच क्षेत्रवासियों ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

