Site icon Groundzeronews

*जशपुर में हुए अनाचार को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश : भाजपा, जशपुर की घटना मानवता को शर्मसार करने वाली :विष्णुदेव साय*

Picsart 22 07 12 20 38 48 992 2

जशपुरनगर।भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अनाचार की घटना से भय का वातावरण है। मातृशक्ति प्रदेश में कहीं भी सुरक्षित नहीं है। इसकी वजह प्रदेश में नशे का अवैध कारोबार है जिसके कारण प्रदेश में अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। उन्होंने जशपुर के हुए पांच अनाचार की घटनाएं मानवता को शर्मसार करने वाली है। सामूहिक अनाचार के बाद एक बेटी की अस्मिता का सौदा किया जाना बेहद ही शर्मनाक है। इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही है। पुलिस का खौफ कहीं नहीं है। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही नहीं की जाएगी तो स्थिति और भयावह हो सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री दूसरे राज्यों में फिर से एटीएम कार्ड लेकर परिवेक्षक की यात्रा में फिर से जाने की तैयारी कर रहे हैं और छत्तीसगढ़ में गृह मंत्री कौन है इसका किसी को खबर ही नहीं है। उन्होंने मांग की है कि जशपुर मामले में पीड़ितों को तत्काल न्याय मिले एवं दोषियो के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्यवाही की जाएं।

*जशपुर की घटनाओं को सदन में उठाएंगे: कौशिक*

नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने कहा कि जशपुर में एक दिन में पांच अनाचार के मामलों का प्रकाश में आना बताता है कि पुलिस का जरा भी भय अपराधियों को नहीं है। इस तरह की घटनाएं प्रदेश में लगातार बढ़ती जा रही है इस पूरे मुद्दें को विधानसभा के पटल पर रखा जाएगा। कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज प्रदेश में नहीं है। पुलिस राजनीतिक द्वेष के लिए कार्य कर रही है। जिसके चलते अपराध उन्मूलन में पुलिस का ध्यान नहीं है।

*भाजपा महिला मोर्चा करेगी उग्र प्रदर्शन : शालिनी राजपूत*

भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि महिला सुरक्षा को लेकर प्रदेश की कांग्रेस सरकार कुछ भी नहीं कर रही है। जिस तरह की घटनाएं प्रदेश में बढ़ रही है यह चिंता का विषय है। पुलिस अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही नही कर रही है जिसके कारण अपराधियों का मनोबल मजबूत होता जा रहा है और अपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे है। उन्होंने कहा कि जशपुर अनाचार के मामले को लेकर महिला मोर्चा उग्र प्रदर्शन करेगी और पीड़ितों को न्याय मिले तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग करेगी।

Exit mobile version