बगीचा, 02 अगस्त / मेरा युवा भारत (MY Bharat), जशपुर के तत्वावधान में शुक्रवार को श्री रामकृष्ण आश्रम आवासीय विद्यालय बगीचा में “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” और “स्वच्छ भारत अभियान” के अंतर्गत भव्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला युवा अधिकारी साकेत मित्तल के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के लाइव संबोधन के सामूहिक श्रवण से हुई। उपस्थित युवाओं और विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी विचारों को सुना और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
इसके बाद “एक कदम स्वच्छता की ओर” अभियान के तहत विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। युवाओं, विद्यार्थियों और अतिथियों ने स्वयं झाड़ू लगाकर और कचरा एकत्रित कर यह संदेश दिया कि स्वच्छता प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों और युवाओं को नशा मुक्त भारत निर्माण का संकल्प दिलाया गया। उन्हें नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
वक्ताओं ने कहा कि स्वच्छता और नशा मुक्ति दोनों ही विकसित भारत की मजबूत आधारशिला हैं। जब युवा नशे से दूर रहकर स्वच्छता, अनुशासन और राष्ट्र सेवा को अपनाएंगे, तभी प्रधानमंत्री का “विकसित भारत 2047” का संकल्प साकार होगा।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष प्रभात सिडाम, उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता और वरिष्ठ भाजपा नेता शंकर प्रसाद गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। सभी ने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में विकास गुप्ता, शुभम गुप्ता और अतुल कुजूर का विशेष योगदान रहा।

