जशपुरनगर। सूर्यमंडलम जशपुर का द्वितीय स्थापना दिवस 21 अक्टूबर को सर्किट हाउस, जशपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण और योग के प्रति समर्पित सूर्यमंडलम जशपुर के सदस्यों ने जिले के वरिष्ठ व्यवसायी, समाजसेवी एवं पूर्व खिलाड़ी अमर चौधरी का अंगवस्त्र एवं श्रीफल भेंट कर सम्मान किया।
अमर चौधरी ने जशपुर जिले में रक्तदान की शुरुआत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वे अब तक 100 से अधिक बार रक्तदान कर चुके हैं। उनका यह योगदान समाज के लिए प्रेरणादायी है। उनके सम्मान के माध्यम से सूर्यमंडलम ने समाजसेवा एवं मानवता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम के दौरान समरसता भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें सदस्यों ने आपसी सद्भाव, सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया। इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ सदस्य संजीव वर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 2024 को जशपुर के युवाओं द्वारा योग एवं प्राणायाम के उद्देश्य से सूर्यमंडलम समूह की स्थापना की गई थी। दो वर्षों की यात्रा में यह समूह नियमित योग एवं सूर्यनमस्कार के साथ-साथ समाजसेवा और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। समूह का उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के साथ समाज में सकारात्मकता, सेवा भावना और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में सूर्यमंडलम के संरक्षक रामप्रकाश पाण्डेय, अध्यक्ष वीरेंद्र दुबे, महामंत्री रेवत नायडू सहित नीरज गुप्ता, राजू गुप्ता, डॉ. कांति प्रधान, रूपेश सोनी, संजय रजक, सोनू पाण्डेय, आशुतोष सोनी, अमित साय, अमित गुप्ता, विनय पाण्डेय, एतवा राम, आकाश गुप्ता, सौरभ गुप्ता एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
सूर्यमंडलम जशपुर का द्वितीय स्थापना दिवस योग, सेवा, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता के संकल्प को और मजबूत करने वाला अवसर रहा।

