कुनकुरी,जशपुर। पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री व कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी विष्णुदेव साय का लगातार सघन जनसंपर्क जारी है। रविवार को दिन भर वे कुनकुरी ग्रामीण मंडल अंतर्गत विभिन्न गांवों में पहुंचकर जनता से मिले। इस दौरान श्री साय स्थानीय विधायक यूडी मिंज और प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर जमकर बरसे। उन्होंने स्थानीय विधायक को विकास विरोधी बताते हुए कहा कि विधायक ने कमीशन के चक्कर में कई विकास कार्यों को रोक दिया है और बाधा डालते रहे हैं। विष्णुदेव साय ने आरोप लगाते हुए कहा कि चराईडांड-दमेरा मार्ग 18 करोड़ की लागत का भाजपा के काल में ही स्वीकृत हुआ था। पर कमीशन के चक्कर में अब तक अधूरा पड़ा हुआ है। इस मार्ग से हिंदुओ की आस्था भी जुड़ी है। श्रद्धालु दमेरा से कांवर में जल उठाकर इसी मार्ग से पैदल आकर चरईडांड शिवालय में जलाभिषेक करते हैं। इस सड़क निर्माण को रोककर विधायक ने हिंदुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने का काम किया है। पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री साय ने कहा कि क्षेत्र की जनता स्थानीय विधायक और इस सरकार के ढोंग को अच्छी तरह समझ चुकी है और अब जनता इनके बहकावे में नहीं आएगी।
केराडीह में खुला चुनाव कार्यालय
जनसंपर्क के दौरान ही विष्णुदेव साय ने केराडीह गांव में भाजपा के चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए श्री साय ने कहा कि कांग्रेस का भ्रष्टाचार चरम पर है और कांग्रेस सरकार में प्रदेश की कानून व्यवस्था चरमरा गई है। इस बार कांग्रेस का भ्रष्टाचार और आतंक ही उनकी सरकार को ले डूबेगा। कार्यकर्ता सरकार के भ्रष्टाचार और उसकी विफलताओं को जन-जन तक पहुंचाएं।

