जशपुरनगर। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों को मुख्य मार्गों से जोड़ने और आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिले में सड़क निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी कड़ी में मंगलवार को कांसाबेल तहसील क्षेत्र में लगभग 9 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से बनने वाली तीन महत्वपूर्ण सड़कों का भूमिपूजन किया गया।
क्षेत्रीय विधायक एवं सरगुजा क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय तथा जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय की उपस्थिति में विधिवत भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ,इससे पहले अतिथियों के आगमन में ग्रामीणों ने आदिवासी कर्मा नृत्य कर उनका भव्य स्वागत किया। इन सड़कों के निर्माण से क्षेत्र के अनेक गांवों के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
*इन तीन सड़कों का होगा निर्माण*
भूमिपूजन के तहत पहली सड़क सेमरकछार भट्टीटोली से लपई पहुंच मार्ग की है। लगभग 2 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण 2 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा।
दूसरी सड़क मुख्य मार्ग बाम्हनमुंडा पहुंच मार्ग है। लगभग 2 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण के लिए 2 करोड़ 36 लाख रुपये की स्वीकृति मिली है।
वहीं तीसरी सड़क गेडरटोली जामुंडा-कटंगखार पहुंच मार्ग है। लगभग 5 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण पर 4 करोड़ 27 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इस प्रकार तीनों सड़कों की कुल लंबाई लगभग 9 किलोमीटर होगी तथा इनके निर्माण पर कुल 9 करोड़ 32 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
*मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में हो रहा क्षेत्र का विकास – गोमती साय*
इस अवसर पर विधायक श्रीमती गोमती साय ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले सहित पूरे क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों की बहुप्रतीक्षित मांगों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है। इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी और विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
*सड़क का कार्य गुणवत्तापूर्ण हो – सालिक साय*
जिला पंचायत अध्यक्ष श्री सालिक साय ने सड़क निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मापदंडों के अनुरूप और समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को इन सड़कों का लाभ जल्द मिल सके। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने की बात कही।
तीनों सड़कों की स्वीकृति और भूमिपूजन से ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हुई है। क्षेत्र में सड़क निर्माण की सौगात मिलने से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। इन मार्गों के बनने से गांवों का संपर्क बेहतर होगा और ग्रामीणों को आवागमन के साथ-साथ कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं व्यापारिक गतिविधियों में भी सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष ठाकुर पुरुषोत्तम सिंह, डीडीसी हिरामती पैंकरा, जनपद अध्यक्ष सरिता भगत, जयंती सिंह, प्रमोद प्रसाद, भूषण वैष्णव, दिनेश प्रसाद, रवि यादव, बसंत वर्मा, रामबिलास राम, अटल साय, सरोज यादव, देवदत्त सिंह, प्रतिमा भगत, अर्जुन भगत सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे।

