Site icon Groundzeronews

*दो डॉक्टर पदस्थ, फिर भी अस्पताल में सन्नाटा! मरीज की मौत के बाद पहुंचे चिकित्सक तो रनपुर में भड़क उठा जनआक्रोश!*

IMG 20261118 103411

बगीचा। ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकार ने रनपुर स्वास्थ्य केंद्र में दो MBBS डॉक्टरों की पदस्थापना की है। डॉक्टरों के रहने के लिए अस्पताल परिसर में क्वार्टर भी बनाया गया है, ताकि रात में भी मरीजों को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा मिल सके। लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि यहां पदस्थ दोनों डॉक्टर मुख्यालय में रहने के बजाय कुनकुरी से आना-जाना करते हैं। सुबह 10-11 बजे अस्पताल पहुंचते हैं और दोपहर 3-4 बजे तक वापस लौट जाते हैं। ऐसे में रात के समय अस्पताल की व्यवस्था वार्ड आया और नर्सों के भरोसे रहती है।

ग्रामीणों का कहना है कि डॉक्टरों की इस कथित मनमानी के कारण क्षेत्र के मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है। विशेषकर रात में अचानक तबीयत बिगड़ने पर मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

मौत की पुष्टि को लेकर गरमाया मामला, दो घंटे बाद पहुंचे डॉक्टर

मामला उस समय गरमा गया, जब रनपुर निवासी प्रदीप गुप्ता की पत्नी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि उनका इलाज रायपुर में चल रहा था और पिछले करीब एक महीने से घर पर ही उनकी देखभाल की जा रही थी। शाम को अचानक तबीयत बिगड़ने पर एंबुलेंस बुलाई गई। एंबुलेंस स्टाफ ने मरीज की जांच की, लेकिन परिजनों को स्थिति के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी।

इधर, रनपुर स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की अनुपस्थिति से नाराज ग्रामीणों ने बीएमओ को फोन कर सूचना दी। इसके बाद सीएमएचओ को भी मामले से अवगत कराया गया। ग्रामीणों के मुताबिक, डॉक्टरों की अनुपस्थिति की शिकायत करने पर सीएमएचओ ने जांच कराने की बात कही।

शिकायत के करीब दो घंटे बाद डॉक्टर मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार के घर जाकर मरीज की जांच की। जांच के बाद डॉक्टर ने मौत की पुष्टि की। डॉक्टरों के पहुंचने के बाद ग्रामीणों का गुस्सा और भड़क गया। इसके बाद ग्रामीण अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों को घेरकर उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।

जब दो डॉक्टर पदस्थ तो रात में अस्पताल क्यों भगवान भरोसे?

ग्रामीणों का सवाल है कि जब रनपुर स्वास्थ्य केंद्र में दो MBBS डॉक्टर पदस्थ हैं और उनके रहने के लिए सरकारी क्वार्टर भी उपलब्ध है, तो फिर डॉक्टर मुख्यालय में क्यों नहीं रहते? रात के समय आपातकालीन स्थिति में मरीजों को इलाज के लिए आखिर कहां जाना पड़ेगा?

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से रनपुर स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था की जांच कराने, डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

अब देखना होगा कि ग्रामीणों के विरोध के बाद स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Exit mobile version