बगीचा,जशपुर। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) ‘बिहान’ के सेवा संकल्प अभियान के तहत बगीचा में बैंक मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों ने भाग लिया। बैंक लिंकेज और मुद्रा योजना के माध्यम से महिला समूहों को स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।
बैंक मेला रिपोर्ट के अनुसार, NRLM बैंक लिंकेज के तहत 2 करोड़ 51 लाख 30 हजार रुपये के ऋण का वितरण किया गया। वहीं मुद्रा लोन के तहत 1 करोड़ 59 लाख रुपये स्वीकृत हुए, जिसमें 74 लाख 20 हजार रुपये का वितरण किया गया। दोनों माध्यमों से कुल 3 करोड़ 25 लाख 50 हजार रुपये की राशि वितरित की गई।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत बगीचा के उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्यों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाकर स्वरोजगार से जोड़ना आत्मनिर्भर परिवार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि ‘बिहान’ के माध्यम से महिलाओं को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़कर आर्थिक गतिविधियों के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे ‘लखपति दीदी’ के संकल्प को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष गायत्री नागेश, उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता, LDM जशपुर राकेश तिवारी, DPM-FI NRLM अमीन खान, मुद्रा लोन जिला समन्वयक रवि बहेलाल, जनपद CEO पुष्कर पाटले, BDC सविता नागेश, BPM कमलेश श्रीवास, AC त्रिपेंद यादव, AC अलमा सहित विभिन्न संकुलों के CRP एवं बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की महिलाएं उपस्थित रहीं।
बैंक मेले के माध्यम से महिलाओं को बैंकिंग, ऋण और स्वरोजगार से जोड़ने की पहल को ग्रामीण क्षेत्र में आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
उपाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने बढ़ाया महिलाओं का हौसला, बैंक मेले में 3.25 करोड़ का ऋण वितरण

