Site icon Groundzeronews

*27 जून से होने वाली उन्मुखीकरण कार्यशाला के लिए हुई वर्चुअल मीटिंग, वर्कशॉप में ये अधिकारी होंगे शामिल*

IMG 20230615 WA0241

जशपुरनगर। कलेक्टर डॉ रवि मित्तल के मार्गदर्शन में शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन हेतु यशस्वी जशपुर के अंतर्गत बीईओ, एबीईओ, बीआरसीसी, प्राचार्य , सीएससी छात्रावास अधीक्षक एवं कक्षा 10वीं व 12वीं में पढ़ाने वाले विषय शिक्षकों के लिए आगामी 27 जून से 15 जुलाई तक उन्मुखीकरण कार्यशाला आयोजित की जा रही है। कार्यशाला के आयोजन के संबंध में यशस्वी जशपुर के नोडल अधिकारी विनोद गुप्ता के द्वारा सभी मास्टर ट्रेनर्स की ऑनलाइन वर्चुअल मीटिंग आयोजित की गई। विनोद गुप्ता से प्राप्त जानकारी के अनुसार कार्यशाला में प्रत्येक दिवस प्रशिक्षकों के द्वारा शिक्षकों का कौशल परीक्षण किया जाएगा। शत् प्रतिशत परीक्षा परिणाम हेतु शिक्षकों का ब्रेनस्टॉर्मिंग किया जाना भी इसमें सम्मिलित है। इसके पश्चात प्रत्येक दिवस प्रशिक्षक संजय दास के द्वारा नई शिक्षा नीति पर चर्चा की जाएगी। प्रत्येक विद्यालय में उपचारात्मक शिक्षा की अनिवार्यता के साथ शिक्षकों के समूह बनाकर विषय से संबंधित कठिन अवधारणाओं एवं उसके निराकरण पर चर्चा की जाएगी। विद्यार्थियों के स्तर एवं रुचि अनुरूप कौशल विकास हेतु कैरियर व गाइडेंस पर चर्चा किया जाना भी कार्यशाला में सम्मिलित है। इसके साथ ही प्रत्येक माह प्रशिक्षकों के द्वारा प्रत्येक विषय की एक बार मॉनिटरिंग हेतु ऑनलाइन मीटिंग पर चर्चा भी की जानी है। अंत में शिक्षकों के पोस्ट टेस्ट के साथ प्रशिक्षण का समापन किया जाएगा। यह प्रशिक्षण कार्यशाला 27 जून से प्रारंभ की जाएगी। सर्वप्रथम प्राचार्यो का प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 28 जून से 12 जुलाई तक विषय शिक्षकों के लिए , 12 जुलाई को ही बीईओ, एबीईओ, बीआरसीसी, 13 जुलाई को छात्रावास अधीक्षक एवं 14 से 15 जुलाई को सभी संकुल समन्वयक के लिए कार्यशाला आयोजित की जाएगी। वर्चुअल मीटिंग में यशस्वी जशपुर के संजीव शर्मा एवं अवनीश पांडेय के साथ सभी ज़िला स्तरीय प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

Exit mobile version