Site icon Groundzeronews

*30 गांवों के युवाओं से योगेश बापट ने किया युवा संवाद, धर्म-संस्कृति से लेकर रोजगार और राष्ट्र सुरक्षा पर हुई चर्चा*

IMG 20260826 WA0004

जशपुरनगर। जिले के दुलदुला विकासखंड के ग्राम कस्तूरा स्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर प्रांगण में मंगलवार को अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट ने 30 गांवों से पहुंचे युवाओं के साथ युवा संवाद किया। इस दौरान युवाओं के जीवन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।युवा संवाद में धर्म, संस्कृति, जीवन मूल्यों, चरित्र निर्माण, रहन-सहन तथा सामाजिक जिम्मेदारियों जैसे विषयों पर युवाओं से संवाद किया गया। साथ ही युवाओं को खेलों से जोड़ने, खेल के महत्व, खेल के माध्यम से प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने तथा युवाओं में खेल के प्रति रुचि विकसित करने पर भी विशेष चर्चा हुई।इस अवसर पर युवाओं के रोजगार, स्वावलंबन और भविष्य निर्माण को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। युवाओं की रुचि और उनकी क्षमताओं के अनुरूप उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने तथा समाज और राष्ट्र के विकास में उनकी सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।संवाद के दौरान देश की वर्तमान स्थिति, राष्ट्र की सुरक्षा, सामाजिक जागरूकता तथा देश में फैल रही अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने को लेकर भी युवाओं को जागरूक किया गया। युवाओं से तथ्यपरक जानकारी पर विश्वास करने, सजग रहने और समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में प्रांत संगठन मंत्री महेश्वर सिंह, कर्ण पाल सिंह, दिलेश्वर राम, नंदकुमार सिंह, सुलेश यादव एवं दिनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।युवा संवाद के माध्यम से युवाओं को अपनी संस्कृति, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी समझते हुए सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया गया।

Exit mobile version