जशपुरनगर। गायलूंगा से बछराव जाने वाली सड़क की बदहाली को लेकर जिला पंचायत सदस्य आशिका कुजूर ने अब मोर्चा खोल दिया है। कल जिला पंचायत की बैठक में अपनी बात रखने पहुंचीं आशिका कुजूर की बात नहीं सुने जाने पर उन्होंने बैठक का बहिष्कार कर बारिश के बीच धरना दिया था।
धरने के अगले ही दिन आज आशिका कुजूर उसी गायलूंगा-बछराव सड़क की स्थिति देखने क्षेत्र में पहुंचीं। बारिश के कारण सड़क पूरी तरह कीचड़ में तब्दील है। सड़क की बदहाली के चलते ग्रामीणों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर पहुंचीं आशिका कुजूर ने सड़क की स्थिति का जायजा लेते हुए प्रशासन और सरकार से जल्द सड़क निर्माण एवं सुधार की मांग की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से ग्रामीण इस बदहाल सड़क की समस्या झेल रहे हैं, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हुआ है।
*बुआ विधायक रायमुनि पिछले साल पहुंची थीं, अब भतीजी ने उठाया मुद्दा*
आशिका कुजूर ने कहा कि पिछले साल उनकी बुआ विधायक रायमुनि भगत भी इस सड़क की स्थिति देखने क्षेत्र में पहुंची थीं, लेकिन इसके बावजूद आज तक हालात नहीं बदले। एक साल बाद भी सड़क उसी बदहाली में है। अब बुआ के बाद भतीजी आशिका कुजूर ने सड़क के मुद्दे को लेकर सरकार से जवाब और स्थायी समाधान की मांग उठाई है।
*जल्द सड़क नहीं बनी तो फिर होगा धरना-प्रदर्शन*
आशिका कुजूर ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क का जल्द निर्माण एवं सुधार कराया जाए। यदि प्रशासन ने जल्द इस दिशा में पहल नहीं की और सड़क नहीं बनाई गई, तो ग्रामीणों के साथ मिलकर दोबारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़क की समस्या को लेकर अब चुप नहीं बैठा जाएगा।
