*breaking jashpur:- छत पर चढ़ते समय गिरकर घायल हुआ 9 वीं का छात्र, गंभीर स्थिति में अंबिकापुर रेफर, रूपसेरा आश्रम का मामला, एसी ने दिए जांच के आदेश…*

जशपुरनगर। जिले के बगीचा विकासखंड के रूपसेरा भढ़िया आश्रम में शुक्रवार दोपहर एक बड़ी दुर्घटना हो गई। आश्रम में पढ़ने वाला कक्षा 9वीं का छात्र शिवकुमार राम (पिता–कुंवर राम), निवासी ओढ़का, छत पर चढ़ते समय अचानक फिसलकर नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार घटना करीब 12 बजे की है। छात्र शिवकुमार किसी काम से स्कूल की छत पर चढ़ रहा था, तभी वह असंतुलित होकर नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं है। साथी छात्रों और शिक्षकों की मदद से उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे अंबिकापुर रेफर कर दिया, फिलहाल अंबिकापुर मिशन अस्पताल में उसका उपचार चल रहा है।

जिम्मेदारों की अनुपस्थिति पर उठे सवाल

घटना के बाद आश्रम प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। यहां प्रिंसिपल मनोज सोनी के पास एक साथ दो प्रभार हैं—वह रूपसेरा आश्रम के प्राचार्य होने के साथ-साथ एकलव्य और प्रयास नोडल अधिकारी जशपुर भी हैं। इसी तरह हॉस्टल अधीक्षक विश्वनाथ प्रधान को साहीडांड और रूपसेरा भढ़िया आश्रम दोनों की जिम्मेदारी दी गई है। अधिकारी अक्सर दोनों जगहों पर मौजूद नहीं रहते, जिससे बच्चों की सुरक्षा और देखरेख को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

आयुक्त ने दिए जांच के निर्देश

आदिवासी आयुक्त संजय सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिल चुकी है। छात्र को बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर भेजा गया है और मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इस हादसे के बाद गांव और परिजनों में गहरी चिंता है। लोगों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति और लापरवाही बच्चों की जान पर भारी पड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

-->