जशपुरनगर:-17 अप्रैल 2026 जशपुर जिले में महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में चौकी करडेगा पुलिस ने एक संवेदनशील मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 वर्षीय मासूम बालिका के साथ अनाचार करने वाले 16 वर्षीय विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग आरोपी) को गिरफ्तार कर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 15 मार्च 2026 की है। पीड़िता के माता-पिता अपनी 9 वर्षीय बेटी के साथ पड़ोसी गांव में एक रिश्तेदार के यहाँ जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गए थे। उसी पार्टी में आरोपी बालक, जो कि परिवार का दूर का रिश्तेदार बताया जा रहा है, भी मौजूद था।
रात करीब 9:00 बजे जब मासूम बच्ची घर के बाहर गई थी, तब आरोपी उसे बहला-फुसलाकर पास के खेत में ले गया। वहाँ पेड़ के नीचे आरोपी ने मासूम के साथ जबरन दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। जब बच्ची रोती हुई वापस लौटी और उसके कपड़ों पर सूखे पत्ते लगे देखे गए, तब परिजनों को अनहोनी का आभास हुआ। पूछने पर बच्ची ने अपनी आपबीती सुनाई।
रिश्तेदारी और सामाजिक दबाव के चलते परिजनों ने पहले गांव में परामर्श किया, जिसके कारण रिपोर्ट दर्ज कराने में समय लगा। दिनांक 15 अप्रैल 2026 को चौकी करडेगा में मामला दर्ज कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल BNS की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5 (डी) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर, डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने:
पीड़ित बालिका का तत्काल मेडिकल परीक्षण कराया।
आरोपी बालक को उसके निवास स्थान से हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे विधिक प्रक्रिया पूरी कर बाल संप्रेषण गृह भेज दिया गया।
इस त्वरित कार्रवाई और गिरफ्तारी में चौकी प्रभारी करडेगा सहायक उप निरीक्षक टेकराम सारथी, सउनि प्रेमिका कुजूर, आरक्षक पंकज तिर्की, रामबृक्ष भगत और कुलरंजन एक्का की मुख्य भूमिका रही।
*”जशपुर पुलिस बच्चों और महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हमने काल परिसीमा के भीतर आरोपी को अभिरक्षा में लेकर उचित कार्रवाई सुनिश्चित की है।”*
— डॉ. लाल उमेद सिंह (DIG एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जशपुर)
