जशपुर नगर। जिले के जंगल मे हो रही भीषण आगजनी के विरोध में गुरुवार को भारतींय जनता पार्टी के सदस्यों ने वन विभाग और कलेक्टर कार्यालय के सामने ढोल बजा कर विरोध प्रदर्शन किया। भाजयुमो के कुनकुरी विधान सभा प्रभारी विजय आदित्य सिंह जूदेव ने बताया कि पूरे जिले की जंगलों में लगातार भीषण आगजनी हो रही है। इसे रोकने में वन विभाग और जिला प्रशासन पूरी तरह नाकाम साबित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही स्थिति नही सम्हाली गई तो जशपुर का पर्यावरण खतरे में पड़ जाएगा। भाजयुमो प्रदेश कार्य समिति के सदस्य नितिन राय ने कहा कि भाजपा ने गहरी नींद में सो रहे अधिकारियों को नींद से जगाने के लिए यह आंदोलन किया है। इसके बाद भी अगर प्रशासन नहीं चेता तो सड़क में उतर कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने वन के संरक्षण और संवर्धन के लिए केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराएं जाने वाले कैम्पा मद में व्यापक पैमाने में भ्र्ष्टाचार का आरोप लगाते हुए,जांच की मांग भी की। भाजपा के जशपुर शहर के मंडल अध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि हरियाली से भरपूर पर्यावरण और स्वच्छ जलवायु जिले की पहचान है। इसे किसी भी कीमत में नष्ट नहीं होने दिया जाएगा। अगर जंगल मे लग रही आग को वन विभाग नियंत्रित नहीं कर पा रहा है तो कमान युवाओं को सौप देना चाहिए। इस दौरान गोविंद राम भगत,राजकपूर भगत,आशुतोष राय,नीतू गुप्ता,अभियोदय मिश्रा,नमित सिंह, सहित भाजपा के पदाधिकारी उपस्थित थे।
