IMG 20260205 WA0040

*मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बगिया में जनदर्शन कार्यक्रम के माध्यम से सुनी आमजन की समस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निराकरण करने के निर्देश…..*

जशपुरनगर। जशपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय अपने गृह ग्राम बगिया पहुंचे, जहां उन्होंने जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित कर क्षेत्रवासियों से प्रत्यक्ष संवाद किया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं आम नागरिकों ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर अपनी समस्याएं, मांगें एवं सुझाव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।मुख्यमंत्री श्री साय ने जनदर्शन कार्यक्रम में पहुंचे प्रत्येक व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा जनदर्शन जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से सीधे जनता से संवाद कर उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल किया जा रहा है।कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश के विकास में ग्रामीण क्षेत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है और सरकार गांवों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि उनकी हर समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।जनदर्शन कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

-->