IMG 20260926 WA0046

*मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सौगात, जशपुरनगर में 11.83 करोड़ से बनेगा हाईटेक बस स्टैंड, लगभग 3 एकड़ में बनेगा हाइटेक बस स्टैंड, यात्री सुविधाओं के विस्तार के साथ परिवहन अधोसंरचना को मिलेगी मजबूती, यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, दुकानें और डिजिटल सूचना स्क्रीन सहित मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं*

जशपुरनगर, 14 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जशपुरनगर में हाईटेक बस स्टैंड के निर्माण के लिए 11 करोड़ 83 लाख 62 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। प्रस्तावित बस स्टैंड के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। लगभग तीन एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाला यह आधुनिक बस टर्मिनल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ शहर की परिवहन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

*लगभग तीन एकड़ में बनेगा आधुनिक बस टर्मिनल*

जशपुरनगर के वार्ड क्रमांक 8 स्थित पुराने मवेशी बाजार में हाईटेक बस स्टैंड का निर्माण प्रस्तावित है। यहां एक साथ करीब 35 से 40 बसों के खड़े होने की व्यवस्था विकसित की जाएगी। इससे बसों के ठहराव और आवागमन को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी तथा यात्रियों को बसों के इंतजार के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जशपुर जिला मुख्यालय का बस स्टैंड जिले में सार्वजनिक परिवहन का प्रमुख केंद्र है। यहां से प्रतिदिन 100 से अधिक बसों का आवागमन होता है। इन बसों के माध्यम से जिले के विभिन्न क्षेत्रों के साथ झारखंड, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित अन्य स्थानों के लिए यात्री सफर करते हैं। प्रतिदिन पांच हजार से अधिक यात्रियों की आवाजाही होती हैं। यहाँ लंबे समय से आधुनिक सुविधायुक्त बस स्टैंड की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

*यात्रियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं*

प्रस्तावित बस स्टैंड में यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए यात्री प्रतीक्षालय, वेटिंग हॉल, टिकट काउंटर, 40 दुकानों का निर्माण, लिफ्ट और आधुनिक शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसके साथ ही डिजिटल सूचना स्क्रीन की व्यवस्था भी प्रस्तावित है, जिसके माध्यम से बसों के आवागमन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा सकेगी। इन सुविधाओं से यात्रियों को बसों की जानकारी प्राप्त करने, प्रतीक्षा करने और यात्रा के दौरान जरूरी सुविधाओं का लाभ लेने में सहूलियत होगी। आधुनिक यात्री सुविधाओं के विकास से विशेष रूप से दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को लाभ मिलेगा।

*शहर की परिवहन व्यवस्था को मिलेगा नया स्वरूप*

जशपुरनगर जिला मुख्यालय होने के कारण आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग इलाज, शिक्षा, खरीदारी और शासकीय कार्यों के लिए यहां पहुंचते हैं। ऐसे में आधुनिक बस स्टैंड का निर्माण शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के यात्रियों के लिए उपयोगी साबित होगा। बसों के व्यवस्थित ठहराव, यात्रियों के लिए बेहतर प्रतीक्षा व्यवस्था और आवश्यक सुविधाओं के विकास से सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही शहर में बढ़ती यात्री आवाजाही को व्यवस्थित करने में भी मदद मिलेगी।

*कुनकुरी और पत्थलगांव में भी आधुनिक बस स्टैंड को स्वीकृति*

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जिले के अन्य नगरीय क्षेत्रों में भी यात्री सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया जा रहा है। कुनकुरी और पत्थलगांव में अत्याधुनिक बस स्टैंड निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं बंदरचुआ और दुलदुला में एक-एक करोड़ रुपये की लागत से बस स्टैंड का निर्माण कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

-->