जशपुरनगर 27 अगस्त 2026/मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने जनपद पंचायत फरसाबहार अंतर्गत ग्राम पंचायत केरसई में विकास कार्यों को नई गति देते हुए कुल 84.69 लाख रुपये की लागत के कुल 6 विकास एवं निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें सड़क, पुलिया, मुक्तिधाम और महिला सशक्तिकरण से जुड़ा महतारी सदन प्रमुख रूप से शामिल है। इन विकास कार्यों की सौगात मिलने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने 24.70 लाख रुपये की लागत से निर्मित महतारी सदन का लोकार्पण किया। यह भवन महिलाओं के प्रशिक्षण, बैठकों, स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों तथा आजीविका से जुड़े विभिन्न कार्यों के लिए उपयोगी साबित होगा। महतारी सदन में महिलाओं को अपनी गतिविधियों के संचालन के लिए सुविधाजनक एवं स्थायी स्थान उपलब्ध होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि महतारी सदन केवल एक भवन नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और आर्थिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। यहां महिलाएं प्रशिक्षण प्राप्त करने के साथ अपने उत्पादों के निर्माण, प्रदर्शन और विपणन जैसी गतिविधियां भी संचालित कर सकेंगी। कार्यक्रम में पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, कलेक्टर श्री रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, ग्राम पंचायत केरसई की सरपंच श्रीमती संगीता तिग्गा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती दुलारी सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमंती साय सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। ग्रामीणों ने विकास कार्यों की सौगात मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।
*महतारी सदन के स्टॉलों का किया अवलोकन* –
महतारी सदन के लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने भवन के भीतर विभिन्न विभागों एवं महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने स्टॉलों में प्रदर्शित सामग्री एवं विभागीय गतिविधियों की जानकारी ली तथा महिलाओं और संबंधित अधिकारियों से संवाद किया। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल में ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, स्वास्थ्य जांच एवं जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक ग्रामीणों तक पहुंचाने और विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य पर ध्यान देने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टॉल में स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों एवं आजीविका संबंधी गतिविधियों की जानकारी मुख्यमंत्री ने ली। उन्होंने महिलाओं से उनके समूह, प्रशिक्षण, उत्पादन और आय से जुड़े कार्यों के संबंध में चर्चा करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल का भी मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। यहां विभागीय योजनाओं, महिला एवं बाल स्वास्थ्य-पोषण तथा हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली गई। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म अदा कर उन्हें पोषण किट भेंट किया। साथ शिशुओं को अन्नप्रासन भी कराया।
*सड़क, पुलिया और मुक्तिधाम सहित 5 अन्य कार्यों की सौगात* –
केरसई में स्वीकृत विकास कार्यों में 15 लाख रुपये की लागत से सराईटोली में किशोर साय के घर तक बनने वाली सीसी सड़क का भूमिपूजन किया गया। 5.99 लाख रुपये की लागत से बनने वाले मुक्तिधाम का भी भूमिपूजन किया गया। यह कार्य वीबी-जीरामजी योजना के अंतर्गत कराया जाएगा। इसके अलावा 10 लाख रुपये की लागत से खड़ियाटोली में आंगनबाड़ी से राजू के घर तक निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण किया गया।
19 लाख रुपये की लागत से बरटोली में मंदिर प्रांगण से सामुदायिक भवन होते हुए प्रेम साय के घर से परमानंद के घर तक निर्मित सीसी सड़क भी ग्रामीणों को समर्पित की गई। वहीं राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि से 10 लाख रुपये की लागत से राइमुंडा राउतपारा पहुंच मार्ग पर निर्मित आरसीसी पुलिया का भी लोकार्पण हुआ। इन कार्यों से ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने के साथ बरसात के दौरान होने वाली परेशानियों में कमी आएगी। ग्राम केरसई में सड़क, पुलिया, मुक्तिधाम और महतारी सदन जैसे कार्यों के पूर्ण होने तथा नए कार्यों के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा। विशेषकर महतारी सदन महिलाओं को सामूहिक गतिविधियों और आजीविका के नए अवसरों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
