जशपुरनगर। बगीचा विकासखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने अहम प्रशासनिक आदेश जारी किया है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी, जशपुर द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कलिया के चिकित्सा अधिकारी डॉ. उत्तम नागवंशी को आगामी आदेश तक प्रभारी खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO), बगीचा के पद पर कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि विकासखंड बगीचा अंतर्गत स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, सुचारू संचालन एवं प्रशासनिक व्यवस्था को दृष्टिगत रखते हुए डॉ. उत्तम नागवंशी को प्रभारी खंड चिकित्सा अधिकारी के पद पर कार्य संपादन करने के लिए आदेशित किया जाता है।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह व्यवस्था तत्काल प्रभाव से लागू होगी और डॉ. नागवंशी आगामी आदेश तक प्रभारी BMO के रूप में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
कलिया PHC से बगीचा BMO तक जिम्मेदारी
डॉ. उत्तम नागवंशी वर्तमान में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कलिया में चिकित्सा अधिकारी के रूप में पदस्थ हैं। अब उन्हें बगीचा विकासखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था की निगरानी एवं संचालन की अतिरिक्त महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
प्रशासन के इस आदेश को बगीचा क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब प्रभारी BMO के रूप में डॉ. नागवंशी के सामने विकासखंड के स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्था, चिकित्सा सेवाओं की निगरानी तथा स्वास्थ्य विभाग से संबंधित प्रशासनिक कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने की जिम्मेदारी होगी।

