जशपुरनगर,गाउंड जीरो ई न्यूज। शहर के कलेक्टर कार्यालय के प्रांगण में स्थित बरगद के पेड़ को बचाने के लिए प्रकृति प्रेमी सेवानिवृत शिक्षक शिवानंद मिश्रा और सामाजिक कार्यकर्ता रामप्रकाश पांडेय ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। इस ज्ञापन में उन्होनें बताया है कि बरगद का यह पेड़ ना केवल कलेक्टर परिसर में शीतल छाया प्रदान करता है अपितु कई पक्षियों ने इसकी शाखाओं में अपना आशियाना बना रखा है। इसके कट जाने से पक्षियां बेघर हो जाएंगें। प्रकृति प्रेम शिवानंद मिश्र का कहना है कि ऐसे समय जब पूरे जिले से जशपुर को ग्रीन बेल्ट घोषित किए जाने की मांग उठ रही है,वन विभाग और जिला प्रशासन द्वारा शहर के पुराने वृक्षों की कटाई से समाज में अच्छा संदेश नहीं जाता है। वहीं,सामाजिक कार्यकर्ता रामप्रकाश पांडेय ने कहा कि इससे पहले भी शहर के कालेज रोड में पेट्रोल पंप स्थापित करने के लिए कई पेड़ों की कटाई की जा चुकी है। वर्तमान में काटे जा रहे बरगद पेड़ पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होनें कहा कि विज्ञान ने इस तथ्य की पुष्टि कर चुकी है कि बरगद पेड़ 24 घंटे आक्सीजन देता है। यह पेड़ परिसर में पूरी तरह से सुरक्षित स्थान पर स्थित है। इसकी शाखाओं के गिरने से किसी प्रकार की जनहानि होने की आशंका भी नहीं है। बावजूद इसके,जिला प्रशासन व वन विभाग,इसे काटने पर तुले हुए है। यह बेहद अफसोसजनक निर्णय है। ज्ञापन में बरगद पेड़ की कटाई को तत्काल रोकते हुए,इसकी जांच व कार्रवाई की मांग भी की गई है। जानकारी के लिए बता दें कि पर्यावरण प्रेमी शिवानंद मिश्र,वृक्ष मित्र के रूप में पहचाने जाते हैं। इन्होनें शहर और इसके आसपास के क्षेत्र में पौध रोपण और वृक्षों को बचाने के लिए कई अभियान चलाया है।
