जशपुरनगर। सफलता का कोई शार्टकट नहीं होता। इसके लिए लगन व कड़ी मेहनत की आवश्यकता होती है। उक्त बातें जिले के नवपदस्थ जिला कार्यक्रम अधिकारी अरूण पाण्डेय ने कही। वे शहर के दरबारी टोली स्थित अपने कार्यालय में छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10 वीं के परिणाम में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर,प्राविण्य सूची में स्थान बनाने वाली मेधावी छात्रा कु अनिशा एक्का को सम्मानित कर रहे थे। छात्रा अनिशा एक्का जिले के फरसाबहार तहसील के भकूपारा की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती किरण एक्का की बेटी है। इनके पिता पंकज एक्का अपनी बेटी की सफलता से उत्साहित है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की बेटी की इस सफलता पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अधिकारी अरुण पाण्डेय ने छात्रा को शाल श्रीफल देकर अनिशा को सम्मानित करते हुए, भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर समस्त परियोजना अधिकारी व कार्यालयीन कर्मचारी उपस्थित रहे।