*बगीचा/जशपुर।* ग्राम पंचायत सन्ना के वार्ड-4 उपचुनाव में पहाड़ी कोरवा समाज की तिलासो बाई ने रिकॉर्डतोड़ 106 वोटों से जीत दर्ज कर सियासी भूचाल ला दिया है। तिलासो ने विधायक रायमुनि भगत की भतीजी पूर्णिमा भगत को दोनों बूथों पर एकतरफा शिकस्त दी।
*चुनाव परिणाम: एकतरफा मुकाबला*
01 जून 2026 को प्राथमिक शाला सन्ना में हुई मतगणना में तिलासो ने इतिहास रच दिया।
*1. मतदान केंद्र-62:* तिलासो कोरवा 89 वोट, पूर्णिमा भगत 14 वोट। *जीत का अंतर 75 वोट।*
*2. वार्ड-4, सन्ना:* तिलासो कोरवा 56 वोट, पूर्णिमा भगत 25 वोट। *जीत का अंतर 31 वोट।*
*कुल योग:* पहाड़ी कोरवा तिलासो बाई को *145 वोट* मिले, वहीं विधायक की भतीजी पूर्णिमा भगत को महज *39 वोट*। *कुल जीत का अंतर 106 वोट।*
*प्रचार के बावजूद करारी हार:*
चर्चा है कि बीते दिन विधायक रायमुनि भगत ने खुद सन्ना भाजपा कार्यालय पहुंचकर भतीजी पूर्णिमा भगत को जिताने के लिए वार्ड के लोगों से संपर्क किया था। इसके बावजूद जनता ने पहाड़ी कोरवा महिला तिलासो कोरवा पर भरोसा जताया। पहले बूथ पर पूर्णिमा को 6 गुना कम वोट मिले।
*कोरवा समाज में जश्न, फटाखों से गूंजा सन्ना:*
पीठासीन अधिकारी की सील-साइन वाली गणना पर्ची जारी होते ही तिलासो के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और फटाखे फोड़कर जश्न मनाया। राष्ट्रपति के दत्तक पुत्र कहे जाने वाले पहाड़ी कोरवा समाज से महिला का चुनाव जीतना बड़ी सियासी घटना मानी जा रही है।
*सरपंच बोले- ‘यह बिचौलियों की हार है’:*
चुनाव के बाद सन्ना सरपंच अरविंद कुजूर ने कहा, _”यह क्षेत्र की जनता की जागरूकता की जीत है। जनता की जीत के साथ बिचौलियों की हार है।”_
*विजय जुलूस और आशीर्वाद:*
चुनाव जीतते ही नवनिर्वाचित वार्डपंच तिलासो बाई सैकड़ों समर्थकों के साथ सरपंच अरविंद कुजूर के नेतृत्व में सन्ना नगर में फटाखे फोड़ते हुए विजय जुलूस निकाला। इसके बाद वे क्षेत्र के वरिष्ठ नेता राजकुमार गुप्ता उर्फ राजू गुप्ता के घर पहुंचीं और आशीर्वाद लिया। श्री गुप्ता ने सभी को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
*सियासी संदेश साफ:*
सन्ना की जनता ने 106 वोटों के अंतर से बता दिया कि प्रचार हो या रिश्तेदारी, वोट भरोसे के नाम पर ही मिलेगा। तिलासो कोरवा की यह जीत बगीचा ब्लॉक के पंचायत चुनावों में अब तक की सबसे बड़ी जीत मानी जा रही है।
