IMG 20231015 WA0236

*अब गंगा राम के समर्थकों ने कहा जशपुर विस में प्रत्याशी बदलो, प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के दौरान दो सौ गांवों में बैठक कर गंगा ने बनाया था माहौल, रायमुनि के खिलाफ़ विरोध के स्वर तेज*

जशपुरनगर। जिले में राजनैतिक तपिश बढ़ती जा रही है। खासकर जशपुर विधान सभा क्षेत्र में यह गर्मी कुछ ज्यादा महसूस हो रही है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा जशपुर विधान सभा क्षेत्र से रायमुनि भगत को प्रत्याशी बनाया गया है। उसके बाद से ही रायमुनि भगत के खिलाफ़ विरोध के स्वर तेज हो गए हैं। यह विरोध पब्लिक की ओर से भी देखा जा रहा है और पार्टी के अंदर से कार्यकर्ताओं की ओर से भी। जशपुर विधान सभा क्षेत्र से भाजपा के 35 पदाधिकारियों ने भाजपा प्रदेश सह प्रभारी नितीन नवीन से संयुक्त हस्ताक्षर कर लिखित में रायमुनि भगत को टिकट नहीं देने की मांग की थी। यही नहीं यहां के सात मंडल से भी चुनाव में नया चेहरा देने की मांग की गई थी। पर इसे दरकिनार करते हुए रायमुनि को टिकट दे दिया गया। इससे जहां जनता में भी नाराजगी देखी जा रही, वहीं पार्टी में भी विरोध चरम पर है। इन्ही विरोध के स्वरों के बीच जशपुर विधान सभा टिकट के लिए भाजपा के प्रमुख दावेदार माने जा रहे गंगा राम भगत के समर्थक भी यहां से प्रत्याशी बदलने की मांग कर रहे हैं। समर्थकों का कहना है कि रायमुनि की जगह गंगा राम भगत को टिकट दिया जाए तो उनके नाम पर पार्टी के भीतर आम सहमति बन सकती है। लंबे समय से कल्याण आश्रम से जुड़े होने के कारण गंगा राम की अच्छी खासी पकड़ ग्रामीण क्षेत्रों में है। जिसका लाभ चुनाव में पार्टी को मिल सकता है।

*कुमार साहब की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में थी बड़ी भूमिका*

उल्लेखनीय है कि जशपुर विधान सभा से तीन उम्मीदवारों के नाम गए थे, जिनमें से एक नाम कल्याण आश्रम से जुड़े और ग्रामीण मंडल जशपुर उपाध्यक्ष गंगा राम भगत का भी था और उन्हें टिकट का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा था। श्री भगत पैलेस के भी काफी करीबी माने जाते हैं। यही कारण है कि 15 नवंबर 2022 को दिवंगत दिलीप सिंह जूदेव की प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम के दौरान गंगा राम भगत ने कल्याण आश्रम की तरफ से करीब दो सौ गांवों में प्रत्यक्ष बैठक कर लोगों को निमंत्रण दिया था और कार्यक्रम में एक बड़ी भूमिका निभाई थी।

-->