IMG 20231024 111227

*राजनीति – आसान नहीं होगा विधायक को अपनी सीट बचाना, इस कारण से कुनकुरी विस में यूडी मिंज पर भारी पड़ सकते हैं विष्णुदेव साय…………*

 

जशपुरनगर। जैसे-जैसे चुनाव का समय नजदीक आ रहा है, जिले में राजनीति का पारा चढ़ता जा रहा है। कांग्रेस और भाजपा दोनों मुख्य पार्टियों द्वारा अपने प्रत्याशियों की घोषणा की जा चुकी है और प्रत्याशी अपने कार्यकर्ताओं व समर्थकों के साथ जनता के बीच पहुंच रहे हैं। जिले में तीन विधान सभा क्षेत्र हैं, इन तीनों सीटों पर वर्तमान में कांग्रेस के विधायक हैं।
आज बात करते हैं कुनकुरी विधानसभा की, जो जिले की सबसे हॉट सीट मानी जा रही है। यहां से कांग्रेस के यूडी मिंज विधायक हैं, जो सरकार में संसदीय सचिव भी हैं। पिछले चुनाव में उन्होंने भाजपा के भरत साय को 4293 वोटों से हराया था। इस बार भाजपा ने उनके खिलाफ़ पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय को मैदान में उतार दिया है। जिससे माना जा रहा है कि इस बार श्री मिंज की राह आसान नहीं रहने वाली।
2018 के विधानसभा चुनाव में इस सीट को भाजपा ने बहुत कम मार्जिन से गंवाया था। उस चुनाव में भाजपा की हार का मुख्य कारण भाजपा के खिलाफ़ एंटी इनकंबेंसी फैक्टर रहा था। जो कुछ क्षेत्रों में बहुत ज्यादा था। कुछ स्थानों पर तो भाजपा ने डेमेज कंट्रोल कर लिया था, पर पंडरीपानी क्षेत्र को पार्टी मैनेज नहीं कर सकी। हर चुनाव में पंडरीपानी मंडल से भाजपा को लीड मिलती थी, पर 2018 के चुनाव में वहां से भाजपा करीब 6-7 हज़ार वोटों से पिछड़ गई। जिसके परिणाम स्वरूप कांग्रेस यह सीट मामूली अंतर से जीतने में सफल रही थी। इस बार चूंकि विष्णुदेव साय भाजपा के प्रत्याशी हैं। शांत, सौम्य, सरल और हेल्फफुल नेचर वाले श्री साय की स्वीकार्यता कार्यकर्ताओं सहित लोगों में है।जिससे भाजपा कार्यकर्ताओं में एक नया जोश देखा जा रहा है। उनके नाम पर कार्यकर्ता एकजुट होकर पूरी ऊर्जा से चुनाव की तैयारी में जुटे हैं। पंडरीपानी क्षेत्र भी इस बार भाजपा के लिए मजबूत लग रहा है जिससे माना जा रहा है इस चुनाव में विष्णुदेव साय कांग्रेस प्रत्याशी यूडी मिंज पर भारी पड़ सकते हैं। बहरहाल, चुनाव का ऊंट किस करवट बैठता है, यह तो समय ही बताएगा।पर इस बार वहां चुनाव दिलचस्प होने की उम्मीद है।

*फैक्ट फाइल*

वर्ष 2018 के विधानसभा चुनाव में कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र में कुल मिलाकर 194396 मतदाता थे, जिन्होंने कांग्रेस के प्रत्याशी यूडी मिंज को 69896 वोट देकर जिताया था. उधर, बीजेपी उम्मीदवार भरत साय को 65603 वोट मिले थे और वे 4293 वोटों से हार गए थे।

-->