बोकारो/फुसरो। बुधवार को
जैक (झारखंड एकेडमिक काउंसिल) ने 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए। जिसमें बोकारो जिला के झब्बू सिंह मेमोरियल इंटर कॉलेज, फुसरो की छात्राओं ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इस इंटर कॉलेज के कॉमर्स, साइंस और आर्ट्स तीनों संकायों में बेहतर परिणाम रहा, जिसमें कॉमर्स और साइंस में 100 प्रतिशत सफलता दर्ज की गई। कॉमर्स की छात्रा शबा परवीन ने जिले में दूसरा स्थान प्राप्त कर बेरमो प्रखंड सहित जिले में कॉलेज का नाम रौशन किया है।
*कॉमर्स संकाय में 36 में 31 छात्राएं फर्स्ट डिवीजन*
कॉलेज में कमर्स और साइंस संकाय का रिजल्ट बहुत ही शानदार रहा, वहीं आर्ट्स संकाय की छात्राओं ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। कॉमर्स में 36 में से 31 छात्राएं प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुईं, वहीं साइंस में 46 में से 39 छात्राओं ने प्रथम श्रेणी प्राप्त किया, जबकि आर्ट्स में 250 में से 101 छात्राएं प्रथम श्रेणी प्राप्त करने में सफल रहीं
*उपलब्धि शुरुआती, उज्ज्वल भविष्य बाट जोह रहा:प्राचार्य*
कॉलेज की इस सफलता पर पूरा मैनेजमेंट उत्साहित है। कॉलेज की प्राचार्य डॉ रेणु मिश्रा ने सफल छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह लगन और मेहनत से मिली सफलता है, छात्राओं की इस सफलता पर हमें गर्व है। उन्होंने छात्राओं से कहा कि हालांकि यह उपलब्धि अभी शुरुआत है, अभी आपका उज्जवल भविष्य आपकी बाट जोह रहा, इसी मेहनत और लगन से आगे बढ़ते रहें।
