जशपुर नगर। जल संरक्षण और प्राकृतिक जल स्रोतों को संरक्षित करने के लिए जशपुर में रविवार से जल सत्याग्रह अभियान शुरू हुआ है। जिला प्रशासन और पर्यावरण वन मित्र मंडल के संयुक्त अभियान में शहरवासियों को जल संरक्षण और प्रकृतिक जल स्रोतों को संरक्षित करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। तय कार्यक्रम के अनुसार पर्यावरण प्रेमी रविवार को शहर के रायगढ़ रोड में स्थित बांकी नदी के तट में जुटे। शहर की जीवन रेखा कही जाने वाली इस नदी के सिमटते अस्तित्व पर चिंता जताई गई। नदी के जल में कचरा प्रवाहित करने की प्रवृत्ति पर कठोरता से अंकुश लगाने के साथ ही समय समय पर सर्वोच्च न्यायालय,उच्च न्यायालय और ग्रीन ट्रीब्यूनल द्वारा जारी किए गए निर्णय और मार्गदर्शन के अनुरूप नदी,तालाब,कुआँ को सरंक्षित करने के लिए कठोरतम कानूनी उपाय करने पर जोर दिया गया। पर्यावरण मित्रों ने नदी तट पर पौधरोपण किया।
*जन्म और कर्मभूमि की सेवा का श्रेष्ठ मार्ग*
जल संरक्षण के लिए शुरू हुए जल सत्याग्रह में अधिक से अधिक संख्या में शहरवासियों से शामिल होने की अपील की गई है। आयोजको ने कहा कि सुबह की सैर करते हुए पर्यावरण की सेवा और जल संरक्षण कर,भविष्य को संवारने में योगदान दिया जा सकता है। यह जशपुर को जन्म और कर्मभूमि मानने वालों के लिए मिट्टी का कर्ज चुकाने का श्रेष्ठतम मार्ग है।